मृत सास की याद में बहू ने बनवाया 60 लाख का मंदिर, मूर्ति रखकर अब रोज करती है पूजा
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 06:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के बेगूसराय का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक बड़े से मंदिर में एक महिला की मूर्ति नजर आ रही है। गांव की महिलाएं इस मूर्ति की पूजा करती हुई दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि ये मंदिर एक बहू ने अपनी सास की याद में बनवाया है। महिला के मुताबिक, उसकी सास देवी थी। उनके जाने के बाद से वह टूट गई थी। इसलिए उनकी याद में मंदिर बनवा दिया।
60 लाख खर्च कर बनवाया मंदिर
इस महिला की सास का देहांत हो गया था, जिसके बाद बहू ने उनके सम्मान में लगभग 60 लाख रुपए खर्च कर मंदिर बनवाया। इस मंदिर में सास की बड़ी मूर्ति लगाई गई है, जिसे महिलाएं नमन करती हैं। महिला का कहना है कि उसकी सास देवी के समान थीं और उन्होंने हमेशा परिवार के लिए त्याग और सेवा की। इसलिए उसने अपनी पूरी जमा पूंजी लगाकर सास के नाम का मंदिर बनवाया।
हर दिन होती है पूजा
अब यह बहू रोजाना मंदिर में जाकर अपनी सास की पूजा करती है। साथ ही गांव की अन्य महिलाएं भी इस मंदिर में पूजा करने आती हैं। वीडियो में कई महिलाएं मूर्ति के सामने श्रद्धा से झुकी दिख रही हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर आया, लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने इसे प्रेरणादायक और भावनात्मक बताया। वहीं, कुछ महिलाओं ने व्यंग्यात्मक रूप से लिखा कि ऐसी सास बहुत कम होती हैं, जिनकी पूजा की जाए। कुछ ने लिखा कि उनकी सास ने जीवनभर ताने दिए, इसलिए मंदिर तो दूर वे उनके नाम की तस्वीर तक न लगाएं।