सीएम रेखा गुप्ता बोलीं - दिल्ली सरकार सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 03:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार सफाईकर्मियों की समस्याओं के समाधान की खातिर ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और इस दौरान प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मामलों की समीक्षा करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का संबंधित विभाग को निर्देश दिया। बयान में कहा गया है कि समुदाय के समक्ष जमीनी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए, प्रतिनिधियों ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती और उन्हें नियमित करने के साथ-साथ कार्यस्थल सुरक्षा, वेतन संबंधी समस्याओं और अन्य सेवा शर्तों की मांग उठाई।

PunjabKesari

इसके मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाव भी दिए, जिसमें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्थायी रोजगार और उनके काम की प्रकृति के अनुरूप अधिक सम्मानजनक कार्य वातावरण की मांग की गई। वहीं, मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर कहा, "दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मचारियों का निस्वार्थ भाव से किया गया योगदान अत्यंत सराहनीय है। यह सेवा का एक सतत संकल्प है, जो हर दिन दिल्ली के जीवन को सुगम बनाता है।"

PunjabKesari

गुप्ता ने कहा कि उनकी हर बात को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और सभी मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास है कि हर सफाई कर्मचारी को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलें, क्योंकि उनके श्रम और समर्पण से ही दिल्ली आगे बढ़ती है।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News