खाना खाने के बाद रेस्टोरेंट पर किया केस, मांगे 92 लाख रुपए... जानें बड़ी वजह

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 07:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक विदेशी पर्यटक के साथ अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जर्मनी से घूमने आए एक युवक ने दावा किया कि एक मैक्सिकन रेस्तरां में खाना खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद उसने रेस्तरां के खिलाफ भारी मुआवजे की मांग करते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

तीखे साल्सा को लेकर लगाया आरोप

पर्यटक फैसल मंज ने टाइम्स स्क्वायर स्थित एक लोकप्रिय टैको रेस्तरां पर आरोप लगाया कि उसे परोसे गए ग्रीन साल्सा की तीखेपन के बारे में कोई चेतावनी नहीं दी गई। उनका कहना था कि खाना उम्मीद से कहीं ज्यादा तीखा था, जिससे उन्हें गंभीर शारीरिक परेशानी हुई। इसी आधार पर उन्होंने करीब 1 लाख डॉलर (लगभग 92 लाख रुपये) के मुआवजे की मांग की।

खाने के तुरंत बाद दिखे गंभीर लक्षण

अदालती दस्तावेजों के अनुसार, साल्सा खाने के तुरंत बाद युवक को तेज जलन, दिल की धड़कन बढ़ने और मुंह में छाले जैसी समस्याएं होने लगीं। इसके अलावा उन्होंने पाचन संबंधी दिक्कतों और मानसिक परेशानी का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि यदि पहले से चेतावनी दी जाती, तो वह इसे नहीं खाते।

कोर्ट ने याचिका को किया खारिज

हालांकि, इस मामले में अदालत ने पर्यटक के दावों को खारिज कर दिया। जज ने अपने फैसले में कहा कि मैक्सिकन खाने और खासतौर पर साल्सा के तीखे होने की जानकारी आम तौर पर लोगों को होती है। ऐसे में रेस्तरां की ओर से अलग से चेतावनी न देना लापरवाही नहीं माना जा सकता।

रेस्तरां ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

मामले में संबंधित रेस्तरां की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कंपनी के वकीलों ने अदालत में कहा कि जो भी असुविधा हुई, वह ग्राहक की अपनी लापरवाही का नतीजा थी। इस फैसले के साथ ही यह मामला खत्म हो गया और पर्यटक को कोई मुआवजा नहीं मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News