माकपा, भाकपा भी लेगी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग

punjabkesari.in Tuesday, May 22, 2018 - 06:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता भी कर्नाटक में एच डी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने आज अपनी पार्टी के पोलित ब्यूरो की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि वह बेंगलुरु में कल शाम जनता दल (एस) एवं कांग्रेस गठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने जायेंगे। उनके साथ केरल के मुख्यमंत्री एवं पोलित ब्यूरो के सदस्य पिनाराई विजयन भी होंगे। 

राजनीति में होगा परिवर्तन
इस बीच भाकपा ने कहा है कि उसकी पार्टी के महासचिव सुधाकर रेड्डी एवं राष्ट्रीय सचिव डी राजा भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। येचुरी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के नतीजों और वहां कुमारस्वामी की सरकार बनने से देश में परिवर्तन की राजनीति की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। इसके साथ ही वर्ष 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और संघ परिवार को हटाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि संयुक्त मोर्चा सरकार और संयुक्त गठबंधन सरकार के गठन से पहले कोई मोर्चा नहीं बना था। 

सांप्रदायिक राजनीतिक दल होंगे एकजुट 
येचुरी ने कहा कि 2019 के चुनाव से पहले भी कोई अखिल भारतीय मोर्चा नहीं बनेगा बल्कि मोदी सरकार को हटाने के लिए तृणमूल कांग्रेस समेत सभी गैर सांप्रदायिक राजनीतिक दल एकजुट होंगे और धर्मनिरपेक्ष दल एक साथ होंगे। लेकिन पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी ममता बनर्जी को हटाने के लिए लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सुश्री बनर्जी ने तो पंचायत चुनाव में लोकतंत्र को तहस नहस कर दिया जिसका प्रमाण पंचायत चुनाव में देखने को मिला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News