कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल राज्यसभा से निलंबित, सदन के अंदर वीडियो रिकार्डिंग का आरोप
punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2023 - 06:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस सदस्य रजनी पाटिल को राज्यसभा की कार्यवाही की वीडियो रिकार्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए शुक्रवार को मौजूदा सत्र की शेष बैठकों से निलंबित कर दिया गया। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उच्च सदन में इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पाटिल ने सदन की कल की कार्यवाही की वीडियो रिकार्डिंग कर उसे ट्विटर पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता सदन पीयूष गोयल सहित विभिन्न दलों के कई सदस्यों का पक्ष सुनने के बाद उन्होंने इसकी घोषणा की।
उन्होंने इस मुद्दे पर संसदीय विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट आने तक पाटिल को शेष बजट सत्र के लिए निलंबित करने की घोषणा की। सभापति की इस घोषणा के बाद कांग्रेस सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया।