''किचन के कॉकरोच की तरह कुचल दिए जाओगे''- CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को मिली जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 10:49 AM (IST)

नेशनल डेस्क: CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने नई पार्टी बनाने के बाद एक हैरानीजनक दावा किया है। अभिजीत ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ये धमकियां उनके परिवारवालों को भी मिल रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

युवक ने दी 'कुचलने' की चेतावनी

अभिजीत द्वारा साझा किए गए वीडियो में एक युवक उन्हें सीधे तौर पर चेतावनी देता नजर आ रहा है। वीडियो में युवक कह रहा है, "इस सीजेपी (CJP) से कुछ हासिल नहीं होने वाला। जिस तरह रात के अंधेरे में किचन के कॉकरोच पैरों के नीचे कुचल दिए जाते हैं, वैसे ही तुम्हारे ये कॉकरोच भी कुचल दिए जाएंगे।" इस वीडियो को पोस्ट करते हुए अभिजीत ने प्रशासन से सवाल किया है कि क्या इन धमकियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी?

PunjabKesari

माता-पिता को सता रहा है अनहोनी का डर

इंटरनेट पर 'कॉकरोच जनता पार्टी'  को मिल रही शानदार सफलता पर अभिजीत के माता- पिता चिंतित हो गए हैं। उन्हें ऐसा डर सता रहा है कि ऐसे उनका बेटा किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकता है या फिर उसे पुलिस द्वारा अरेस्ट भी किया जा सकता है। अभिजीत के माता-पिता का कहना है कि वे अपने बेटे के राजनीति में आने के फैसले के सख्त खिलाफ हैं।

कैसे हुआ 'कॉकरोच जनता पार्टी' का जन्म?

जानकारी के लिए बता दें कि यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत (CJI) की एक कथित टिप्पणी से जुड़ा है। आरोप था कि सीजेआई ने बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' और 'परजीवियों' से की थी। हालांकि, बाद में चीफ जस्टिस ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को गलत संदर्भ में लिया गया। उनकी टिप्पणी केवल उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्रियां लेकर वकालत के पेशे में घुस रहे हैं। सीजेआई की इसी टिप्पणी के विरोध में बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र अभिजीत दीपके ने 15 मई को सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की शुरुआत की थी। देखते ही देखते इस मुहिम को युवाओं का भारी समर्थन मिला और इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या 2 करोड़ के पार पहुंच गई।

बैन के बाद नए हैंडल से वापसी

बढ़ती लोकप्रियता के बीच, बीते गुरुवार (21 मई) को भारत में सीजेपी के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद संगठन ने 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक नया हैंडल बनाकर अपनी गतिविधियां दोबारा शुरू कर दी हैं।

 

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News