AI डीपफेक का खौफ: अश्लील वीडियो बनाकर होटल मालिक को धमकी, 97 लाख रुपये ऐंठे

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 05:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पटना में एक होटल मालिक को कथित तौर पर एआई से बने अश्लील डीपफेक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 97 लाख रुपये देने पर मजबूर किया गया। पुलिस ने रविवार को बताया कि इस संबंध में एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने बताया कि रंगदारी की रकम मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और पटना में चार किस्तों में दी गई थी, जिसमें से 20 लाख रुपये की आखिरी किस्त पुलिस की छापेमारी के बाद बरामद की गई।

 डीपफेक वीडियो बनाकर ठगी 
अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विनीता सिन्हा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई और विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के रहने वाले मामले के मुख्य साजिशकर्ता अभिषेक कुमार ने एक महिला और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से होटल मालिक के डीपफेक वीडियो बनाए और कुछ महीने पहले एक करोड़ रुपये की मांग की। 

वीडियो वायरल करने की धमकी दी 
पुलिस ने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने वीडियो सार्वजनिक करने और पीड़ित को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और पटना में चार किस्तों में 97 लाख रुपये का भुगतान किया। सिन्हा ने कहा, ''पुलिस को संदिग्धों का पता लगाने में मदद करने की योजना के तहत, होटल मालिक ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को आरोपी को 20 लाख रुपये की आखिरी किस्त सौंपने से पहले नोटों की गड्डी में एक ट्रैक करने वाला उपकरण रख दिया।

पीड़ित की शिकातय पर पुलिस ने मारा छापा 
सिन्हा ने बताया कि उपकरण के जरिये ठिकाने का पता लगाकर पुलिस ने मुजफ्फरपुर में कथित मुख्य साजिशकर्ता के घर पर छापा मारा और पैसे बरामद किए, जबकि आरोपी भागने में कामयाब रहा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और आरोपी को पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News