मालदीव को लेकर चीन ने भारत को फिर दिखाई आंखें

punjabkesari.in Saturday, Feb 17, 2018 - 12:26 PM (IST)

बीजिंगः  मालदीव को लेकर भारत के प्रति चीन का गुस्सा फिर सामने आया है। चीन ने  भारत को एक बार फिर आंखें दिखाते  वॉर्निंग दी है कि अगर भारत मालदीव में सेना भेजने का फैसला करता है तो वह एक्शन लेने में पीछे नहीं हटेगा। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के संपादकीय में कहा गया कि चीन के विरोध को भारत  नजरअंदाज न करे। बता दें कि इससे पहले भी चीन ने कहा था कि भारत ने इस देश में दखल दिया तो हालात और बिगड़ेंगे। मालदीव में पिछले 12 दिन से राजनीतिक संकट बना हुआ है।

 ग्लोबल टाइम्स ने संपादकीय में लिखा- "यूएन की इजाजत के बिना, कोई भी ऑर्म्ड फोर्स किसी भी देश में दखल नहीं कर सकती। चीन मालदीव के आंतरिक मामलों में   दखल नहीं देगा। इसका मतलब यह नहीं कि बीजिंग उस वक्त चुप बैठा रहे, जब नई दिल्ली नियम-कायदों को तोड़े। भारत यदि एकतरफा कार्रवाई करते हुए मालदीव में सेना भेजता है तो चीन भी उसे रोकने के लिए जरूरी एक्शन लेगा।"

 यह संपादकीय 'माले में अनधिकृत सैन्य हस्तक्षेप रोका जाना चाहिए' टाइटल से लिखा गया। इसमें कहा गया कि माले में तनावपूर्ण हालात देखते हुए भारत को संयम बरतना चाहिए। मालदीव इस वक्त संकट से जूझ रहा है। यह देश का आंतरिक मामला है और चीन किसी भी बाहरी दखल का सख्त विरोध करता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News