मुइज्जू की मदद से भारत की ''जासूसी'' कर रहा चीन, मालदीव लौटा चीनी रिसर्च जहाज

punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2024 - 03:47 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मालदीव का भारत विरोधी चेहरा फिर बनकाब हो गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू  की मदद से चीन भारत की 'जासूसी' कर रहा है।  चीन  का उच्च तकनीक वाला  रिसर्च जहाज जियांग यांग होंग 03  मालदीव  जल क्षेत्र में वापस आ गया है। दो महीने पहले  4,500 टन के  इस जहाज ने एक सप्ताह  तक द्वीपसमूह राष्ट्र के विभिन्न बंदरगाहों पर का वक्त बिताया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जहाज  को गुरुवार सुबह थिलाफुशी औद्योगिक द्वीप के बंदरगाह पर खड़ा किया गया। हालांकि मालदीव सरकार ने इसकी वापसी के कारण का खुलासा नहीं किया लेकिन ये जरूर कहा, 'जहाज अब विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) को पार करने के बाद वापस आ गया है  इसलिए, जियांग यांग होंग 03 जनवरी से मालदीव क्षेत्र के अंदर या उसके पास सक्रिय है।' 

 

इससे पहले 23 फरवरी को जियांग यांग होंग 03 जहाज माले के पश्चिम में लगभग 7.5 किमी दूर थिलाफुशी बंदरगाह पर ही रुका था। मालदीव के EEZ की सीमा के पास लगभग एक महीना बिताने के बाद हाई-टेक जहाज 22 फरवरी को मालदीव के जलक्षेत्र में पहुंचा था. लगभग छह दिन बाद, जहाज ईईजेड सीमा से वापस चला गया था। इस बीच, फरवरी में मीडिया रिपोर्ट्स में जहाज जियांग यांग होंग 03 के बारे में बताया गया था। 100 मीटर लंबे जहाज को 2016 में चीन के राज्य महासागरीय प्रशासन (एसओए) के बेड़े में जोड़ा गया था।  

 

2019 से चीन इस जहाज का इस्तेमाल चीन की पायलट महासागर प्रयोगशाला में 'दूरस्थ जल' और 'गहरे समुद्र' सर्वे करने के लिए भी कर रहा है। इसमें समुद्री धाराओं, लहरों और महत्वपूर्ण पर्यावरणीय जानकारी को मापने के उपकरण भी लगे हैं।  जियांग यांग होंग 03 का प्रबंधन करने वाले SOA के हवाले से बताया कि यह जहाज समुद्री रिसर्च के लिए देश में निर्मित सबसे आधुनिक जहाज है।  गौरतलब है कि  चीन समर्थ राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के नेतृत्व वाली पीपुल्स नेशनल कांग्रेस ने हाल ही में आम चुनाव जीता है। पार्टी को 93 सदस्यीय पीपुल्स मजलिस में से 66 सीटें हासिल हुईं। बता दें मुइज्जू चीन के समर्थक हैं. 21 अप्रैल को संसदीय चुनावों में भारी बहुमत से जीत के साथ उन्होंने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News