छत्तीसगढ़: नारियल खरीदने को लेकर हुआ विवाद, युवक ने पिता-पुत्र पर कैंची से किया वार, हालत नाजुक

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 04:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार में नारियल खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने गुस्से में आकर पिता और पुत्र पर धारदार कैची से हमला कर दिया।दरअसल मेला चौक निवासी रूपचंद केवट ने पुलिस को बताया कि चार मई की रात करीब 8 बजे जब वह काम से घर लौट रहा था तभी उसे पता चला कि उसके भाई रूपेश केवट और पिता मनहरण केवट पर मोहल्ले के ही ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास ने हमला कर दिया है। 

जब वह मौके पर पहुंचा तो रूपेश मेडिकल स्टोर के पास बेहोश पड़ा था और उसके पिता मनहरण की पीठ से खून बह रहा था। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तुरंत मस्तूरी के अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पहले नारियल खरीदने को लेकर गांपा बाई श्रीवास से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसका बेटा ज्ञान उर्फ लक्की वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अचानक कैची से हमला कर दिया। 

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में आदमखोर कुत्ते का आतंक, 12 लोगों को किया लहूलुहान, गलियों में पसरा सन्नाटा

इस हमले में रूपेश को होंठ, हाथ, सीने और पेट में गंभीर चोटें आई हैं जबकि मनहरण की पीठ पर गहरी चोट लगी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोटर् आने के बाद और धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News