गंगा नदी में 3 युवकों की डूबने से मौत, एक की हालत गंभीर
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 12:39 AM (IST)
नेशनल डेस्क : रायबरेली जिले के सरेनी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को गंगा नदी में नहाते समय डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सरेनी थाना क्षेत्र में निसगर गंगा घाट पर चार युवक नहाने गए थे, तभी उनमें से हरिशंकर (16) नामक किशोर गहरे पानी में पहुंच जाने पर डूबने लगा।
उन्होंने बताया कि शोर सुनकर हरिशंकर का बड़ा भाई हरिओम (22) और उसके दोस्त सत्येंद्र (26) तथा हिमांशु उसे बचाने के लिए उसकी तरफ बढ़े मगर वे भी डूबने लगे। सूत्रों ने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और चारों लोगों को बाहर निकाला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सत्येंद्र, हरिशंकर और हरिओम को जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि चौथे युवक हिमांशु का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे तथा मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। जिला प्रशासन ने परिजन को आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया।
