छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में 2 जवान शहीद, 2 घायल

punjabkesari.in Friday, Mar 03, 2017 - 02:32 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान समेत दो जवान शहीद हो गए हैं, वहीं 2 अन्य जवान घायल हैं। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेरली गांव के जंगल में नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया है। इस हमले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 10 वीं बटालियन का जवान हेमंत कुमार और जिला बल का सहायक आरक्षक दुब्बा राम शहीद हो गए हैं।

वहीं सीएएफ 10 वीं बटालियन के जवान सहदेव रजवाड़े और सहायक आरक्षक मुड्डाराम हमले में घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिरतुर थाना क्षेत्र में बन रहे मिरतुर-गंगालूर मार्ग की सुरक्षा के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया था। दल जब चेरली गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में 2 जवान शहीद हो गए तथा दो अन्य घायल हो गए। नक्सली गोलीबारी के बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि नक्सली हमले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया है तथा शहीद जवानों के शवों और घायल जवानों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News