पति की बेवफाई से परेशान मां बच्ची को बेचने हुई मजबूर

punjabkesari.in Saturday, Oct 14, 2017 - 12:58 PM (IST)

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक महिला द्वारा पति की बेवफाई से परेशान होकर अपने कलेजे के टुकड़े को मजबूर होकर बेचने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि किरंदुल थाना क्षेत्र में पति की बेवफाई से फूलपाड़ निवासी पायके ने अपने बच्ची को बेचने मजबूर हो गई। वह बंगाली कैंप में पहुंची और वहां एक दर्जन से अधिक घरों का दरवाजा खटखटाया। उसने अपनी चार माह के बच्ची की कीमत महज दो हजार रुपए रखी। 

सूत्रों ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मां और दूधमुंही बच्ची को संरक्षण में ले लिया गया। इस पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों सहित महिला बाल विकास विभाग को भी दे दी गई है। साथ ही महिला के परिजनों को भी थाना बुलाया गया है। फूलपाड़ की रहने वाली पायके की शादी जबेली के बुधराम से करीब दस साल पहले हुई थी। पायके के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा अपनी दादी के पास रहता है। पति बुधराम करीब साल भर से काम करने आंध्रप्रदेश गया है।

 महिला के मुताबिक बुधराम वहां दूसरी महिला के साथ रह रहा है। कई बार बात करने का प्रयास किया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। मायके में रहकर गुजारा कर रही थी। कुछ दिन पहले मजदूर भाई के पास किरंदुल आई लेकिन यहां भी काम नहीं मिला। इधर बंगाली कैंप के लोगों ने बताया कि महिला पिछले तीन दिन से उनके घरों में आकर बच्ची के बदले में दो हजार रुपए मांग रही थी। इस बीच उसने अपनी दर्द भरी दास्तां लोगों को बताई। फिलहाल महिला पुलिस के संरक्षण में है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News