CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 : 265 पदों पर होनी थी भर्ती, अंतिम समय में दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू स्थगित
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 11:51 AM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 सितंबर से एक अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोग ने कार्यक्रम स्थगित करने का कारण नहीं बताया है और कहा है कि नई तारीख अलग से जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सेवा परीक्षा-2025 के माध्यम से 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती की जानी है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच शुरू होनी थी और इसके बाद अलग-अलग तिथियों पर इंटरव्यू आयोजित किए जाने थे। मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठे थे।
कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए परिणाम की स्थिति स्पष्ट करने और साक्षात्कार स्थगित करने की मांग की थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि आयोग ने 265 पदों के लिए भर्ती निकाली थी। 1:3 के अनुपात के हिसाब से 795 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया जाना चाहिए था, लेकिन सिर्फ 608 अभ्यर्थी ही तक पहुंचे। आयोग का तर्क है कि 187 अभ्यर्थी न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाए।
भूपेश ने कहा था कि आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर ये अभ्यर्थी न्यूनतम अंक क्यों नहीं ला सके। आयोग इससे पहले स्पष्ट कर चुका है कि साक्षात्कार के लिए निर्धारित अनुपात से कम अभ्यर्थियों के चयन के पीछे कोई तकनीकी अथवा मानवीय त्रुटि नहीं है। आयोग के अनुसार कई अभ्यर्थी प्रत्येक प्रश्नपत्र में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं कर सके, जिसके कारण निर्धारित अनुपात में अभ्यर्थियों का चयन संभव नहीं हुआ। दस्तावेज जांच और इंटरव्यू स्थगित होने के बाद चयनित 608 अभ्यर्थियों को अब संशोधित कार्यक्रम का इंतजार करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को आगामी सूचना के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी है।
