DA Hike: दिवाली से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए Good News, DA में 3-4% बढ़ोतरी, मिलेगा 3 महीने का एरियर!

punjabkesari.in Wednesday, Oct 09, 2024 - 08:15 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक अच्छी खबर है। 9 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) में 3-4% की बढ़ोतरी की घोषणा हो सकती है। वर्तमान में DA 50% है, और बढ़ोतरी के बाद यह 53% या 54% तक हो सकता है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई से प्रभावी मानी जाएगी, और कर्मचारियों को अक्टूबर की सैलरी में 3 महीने का एरियर भी मिलेगा। इसके साथ ही, दिवाली बोनस की भी संभावना है, जिससे कर्मचारियों को और फायदा होगा।

इससे लगभग 1 करोड़ सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। DA की यह बढ़ोतरी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) पर आधारित है। यदि 3% की वृद्धि होती है, तो जिनकी बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, उनका मासिक DA 9,000 रुपये से बढ़कर 9,540 रुपये हो जाएगा। वहीं, 4% वृद्धि से यह 9,720 रुपये तक पहुंच सकता है।

सरकार हर 6 महीने में DA की समीक्षा करती है, और यह 1 जनवरी और 1 जुलाई से लागू होता है, हालांकि घोषणा अक्सर बाद में की जाती है। इससे पहले, मार्च 2024 में भी सरकार ने 4% की बढ़ोतरी की थी, जिससे DA 50% हुआ था। इस बार की घोषणा से दिवाली से पहले कर्मचारियों को महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद है।

DA वृद्धि: त्योहारों से पहले कर्मचारियों को मिलेगी राहत
इस बढ़ोतरी से त्योहारों के मौसम में कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही, आठवें वेतन आयोग की भी चर्चा हो रही है, जिससे भविष्य में वेतन में और सुधार हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News