अस्पताल में बड़ा हादसा: वार्ड में मरीज के ऊपर अचानक गिरा सीलिंग फैन, मरीज की मौत से मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 07:38 AM (IST)

Delhi Hospital Ceiling Fan Falling : देश की राजधानी दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां  के वार्ड नंबर 27 में 18 जुलाई की रात अचानक छत से एक सीलिंग फैन (पंखा) उखड़कर नीचे गिर गया। इस घटना के बाद अस्पताल के जनरल वार्ड में हड़कंप मच गया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में आसपास मौजूद डॉक्टरों, स्टाफ या किसी अन्य तीमारदार को कोई बाहरी गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि जिस क्यूबिकल में यह पंखा गिरा वहां एक गंभीर मरीज वेंटिलेटर/लाइफ सपोर्ट पर था जिसकी अगले दिन रविवार दोपहर को मौत हो गई।

दिल्ली के GTB अस्पताल के एक आधिकारिक बयान के अनुसार यह घटना 18 जुलाई 2026 को रात लगभग 9:30 बजे वार्ड 27 के एक क्यूबिकल में हुई। वार्ड स्टाफ से सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की मेंटेनेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने प्रभावित इलाके को सुरक्षित किया खराब फैन को हटाया और वार्ड में स्थिति सामान्य करने के लिए नया सीलिंग फैन लगाया।

19 जुलाई को गिरे हुए फैन की विस्तृत जांच की गई। जांच में पता चला कि फैन की शाफ्ट टूट गई थी जिसके कारण फैन गिर गया। अस्पताल प्रशासन ने फैन की शाफ्ट के टूटने को बहुत असामान्य बताया और कहा कि सामान्य कामकाज की स्थिति में ऐसी उम्मीद नहीं की जाती है। अस्पताल प्रशासन ने इस मैकेनिकल खराबी के कारण की गहन जांच के आदेश दिए हैं।

 

 

बयान में कहा गया है कि घटना के समय प्रभावित क्यूबिकल में भर्ती एक मरीज़ बेहोश था और उसका इलाज चल रहा था। उसे अनियंत्रित हाइपरटेंशन (हाई ब्लड प्रेशर) के साथ-साथ स्ट्रोक/एन्सेफेलोपैथी और एस्पिरेशन निमोनिया जैसी जटिलताएं थीं जिसके कारण रेस्पिरेटरी फेलियर (सांस लेने में विफलता) की स्थिति बन गई थी।

फैन गिरने की घटना के बाद मेडिकल टीम ने तुरंत मरीज़ की जांच की। डॉक्टरों ने यह देखने के लिए गहन क्लिनिकल जांच की कि कहीं फैन गिरने से कोई चोट तो नहीं आई है। आगे बताया गया कि बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला। दुखद बात यह है कि 19 जुलाई 2026 की दोपहर को मरीज़ की पहले से मौजूद बीमारियों के कारण मौत हो गई। 

अस्पताल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मौत का कारण मरीज़ की पहले से मौजूद बीमारियों के चलते रेस्पिरेटरी फेलियर था और इसका सीलिंग फैन गिरने की घटना से कोई संबंध नहीं था। ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मरीज़ों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेंटेनेंस टीम की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को और बिगड़ने से रोकने में मदद मिली।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News