सत्य निकेतन हादसे के बाद फिर दहशत, अचानक झुक गई चार मंजिला इमारत, पुलिस ने तुरंत करवाया खाली
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 01:04 PM (IST)
नई दिल्लीः दिल्ली के शाहदरा इलाके के गांधी नगर में चार मंजिला इमारत के अचानक एक तरफ झुक जाने के बाद उसमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने इमारत तुरंत खाली करवा लिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इमारत के अचानक झुक जाने के कारण आस-पास रहने वाले लोगों में घबराहट फैल गई थी। उन्होंने कहा कि इमारत में रहने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने इमारत को तुरंत खाली कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी की। लोगों को सुरक्षा कारणों से इमारत के पास जाने से रोका गया।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की एक टीम भी मौके पर पहुंची और इमारत की हालत का जायजा लिया। किसी को भी इमारत के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई है और आस-पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है। यह घटना पिछले हफ्ते सत्य निकेतन में लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) परिसर के तौर पर इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत के ढहने के बाद हुई है, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
