संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर UAPA के तहत केस, स्पेशल सेल करेगी जांच
punjabkesari.in Thursday, Dec 14, 2023 - 06:27 AM (IST)
नेशनल डेस्कः संसद में सेंध लगाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने एफआईआर दर्ज कर ली है। स्पेशल सेल ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (यूएपीए) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

इस मामले में कल चार आरोपियों नीलम, मनोरंजन, सागर, अमोल को संसद से हिरासत में लिया गया था। एक अन्य आरोपी ललित झा अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। संसद की सुरक्षा चूक के बाद एक बड़ा फैसला ये हुआ है कि जांच पूरी होने तक विज़िटर पास बंद कर दिए गए हैं। वहीं सांसदों के PA और पूर्व सांसदो के पास पर भी रोक लगाई गई है।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद इस मामले को स्पेशल सेल के सुपुर्द कर दिया गया। जिसके बाद, स्पेशल सेल ने आरोपियों के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। वहीं इस मामले में स्पेशल पुलिस अभी ललित झा नामक आरोपी की तलाश कर रही है। इसी आरोपी के पास अन्य सभी आरोपियों के मोबाइल फोन भी है।

सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का सियासी कनेक्शन
संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के पॉलिटिकल कनेक्शन पर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें आरोपी नीलम के कई विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने का दावा किया गया है। संसद की सुरक्षा चूक पर आज विपक्षी गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक है। जिसमें संसद और सांसदों की सुरक्षा को लेकर INDIA गठबंधन के नेता राष्ट्रपति से मिलेंगे।
