राजधानी में जुड़वां नवजात बच्चियों की दफनाने का मामला: मां ने जताया ससुराल वालों पर शक

punjabkesari.in Monday, Jun 24, 2024 - 12:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके पूठकलां गांव में दो नवजात जुड़वां बच्चियों के दफनाने का मामला सामने आया है। बच्चियों की मां का आरोप है कि ससुराल के लोग बच्चियों के जन्म से नाखुश थे। महिला ने अपने पति पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने श्मशान घाट से बच्चियों के शव के अवशेष निकाल कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

हरियाणा के रोहतक जिले के इस्माइला गांव की एक युवती की दो साल पहले बाहरी दिल्ली के पूठकलां गांव में शादी हुई थी। उसने 30 मई को रोहतक के एक अस्पताल में जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया। महिला के मायके वालों का कहना है कि जन्म के समय महिला का पति भी अस्पताल में मौजूद था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब वे इस्माइला गांव के लिए रवाना हो रहे थे, सास के कहने पर बच्चियों को गाड़ी में छोड़ दिया गया। जब बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो महिला ने अपने पति को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।

दो जून को महिला ने पूठकलां गांव में जाकर मामले की छानबीन की, तब उसे पता चला कि बच्चियों को दफनाया जा चुका है। इसके बाद महिला के मायके वालों ने रोहतक पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, आरोप लगाया कि बच्चियों की हत्या की गई है। घटना दिल्ली में होने के कारण रोहतक पुलिस ने शिकायत दिल्ली पुलिस को भेज दी। बाहरी जिला पुलिस ने बताया कि तीन जून को पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें पूठकलां के श्मशान घाट पर दो नवजात जुड़वां बच्चियों के दफनाने की जानकारी दी गई थी।

पांच जून को रोहिणी जोन के एसडीएम की अनुमति के बाद श्मशान घाट से बच्चियों के अवशेष निकाले गए। संजय गांधी अस्पताल में वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि जुड़वां बच्चियों को दो जून को मृत्यु के बाद मां को बताए बिना दफना दिया गया। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है। महिला के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News