'मुझे कई बार मारा' : 180 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन मच्छार खून से लथपथ दिखे, फ्लाईदुबई का नया वीडियो आया सामने
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 08:16 AM (IST)
तेल अवीव (इजराइल) : फ्लाईदुबई फ्लाइट के अंदर की एक नई वीडियो सामने आई है जिसमें अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। यह घटना तब हुई जब पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और अन्य यात्रियों ने को-पायलट की उस कोशिश को नाकाम कर दिया, जिसमें वह दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान को क्रैश कर 180 लोगों को मौत के घाट उतारना चाहता था।
चैनल 12 न्यूज द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो क्लिप में (जिसे कॉकपिट के पास की सीट से फिल्माया गया है) लोगों को चिल्लाते हुए सुना जा सकता है। एक व्यक्ति कहता है, 'उसने विमान को क्रैश करने की कोशिश की', उसका इशारा उस को-पायलट की ओर है जिसने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला किया था। अन्य लोग कॉकपिट की ओर इशारा करते हुए चिल्लाते हैं, 'उसे बाहर निकालो' और केबिन में मौजूद लोगों से 'बैठ जाने' को कहते हैं। इसके बाद डॉक्टर को बुलाने की आवाजें सुनाई देती हैं और इजराइली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव मेडिकल मदद देने के लिए विमान के अगले हिस्से की ओर दौड़ते हैं। एक अन्य व्यक्ति पूछता है कि क्या फ्लाइट में कोई अतिरिक्त पायलट है, जिस पर कोई हां में जवाब देता है।
फुटेज में कैप्टन स्मित मच्छार को कॉकपिट के बाहर फ्लोर पर खून से लथपथ लेटे हुए दिखाया गया है। उन्होंने ही पहले कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की थी और ऐसा करके विमान में सवार सभी 180 लोगों की जान बचाने में मदद की थी। मच्छार बताते हैं कि को-पायलट ने 'मुझे कई बार मारा' और वे अपने घायल हाथ को हिला तो सकते हैं, लेकिन उसे कसकर बंद नहीं कर सकते।
This is an Indian Hero Pilot Captain Smit Mac. The follow pilot tried to kill him, but he showing alertness called out to the crew and passengers. The open door of the cockpit helped. Salute Captain Sumit Machchhar. pic.twitter.com/xNVRzqWfmJ
— Omprakash Sirvi (@imOmprakashhh) October 2, 2026
सऊदी अरब में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद वीडियो फिर से शुरू होता है, जिसमें मेडिकल टीम मच्छार का इलाज कर रही है। जब पुलिस टीमें विमान के पास पहुंचती हैं, तो अन्य यात्री ग्राउंड स्टाफ को बताते हैं कि को-पायलट 'एक आतंकवादी है'। वीडियो का अंत कैप्टन मच्छार द्वारा मेडिकल टीम को अपने घायल हाथ के बारे में बताने के साथ होता है। यह नया फुटेज को-पायलट के खिलाफ चल रही जांच के बीच सामने आया है।
इससे पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पुष्टि की थी कि कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट का कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा के तहत ब्रेनवॉश किया गया था। फॉक्स न्यूज से बात करते हुए इजराइली पीएम ने कहा कि पायलट से अभी पूछताछ की जा रही है। इजराइली जांचकर्ता भी पूछताछ में शामिल हो गए हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा, 'हमलावर, यानी कैप्टन पर हमला करने वाले को-पायलट से अब पूछताछ की जा रही है। अब तक हमें जो पता चला है, उसके मुताबिक उसे इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा की ट्रेनिंग दी गई थी।'
नेतन्याहू ने आगे बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि को-पायलट आत्महत्या करना चाहता था और प्लेन को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था। नेतन्याहू ने 'फॉक्स एंड फ्रेंड्स' को बताया, 'उसके हाथ बांधने के लिए ईयरफोन की तारों का इस्तेमाल करना पड़ा और फिर प्लास्टिक कफ का इस्तेमाल किया गया। वह जमीन पर पड़ा था और क्रू से कह रहा था 'मुझे मार डालो, मुझे मार डालो'। तो, यह साफ है कि वह आत्महत्या करना चाहता था और प्लेन को गिराने वाला था।'
इससे पहले नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार की 'बहादुरी के जबरदस्त काम' की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल पायलट ने 'अपनी जान बचाने की जद्दोजहद' के बीच कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिससे 9/11 जैसे एक और क्रैश को रोका जा सका। CBS न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में घटना को याद करते हुए नेतन्याहू ने कहा, 'मुझे लगता है कि जो हुआ वह बहादुरी का एक जबरदस्त काम था, जिसने पूरे प्लेन के 9/11 जैसे एक और क्रैश को रोक दिया।'
