फ्लाईदुबई विमान घटना ने बढ़ाई चिंता, ट्रंप बोले- सह-पायलट का ईरान से हो सकता है कनेक्शन
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 11:55 PM (IST)
वॉशिंगटन/तेल अवीव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें एक महत्वपूर्ण फैसला लेना है और ईरान को अमेरिका के साथ एक बहुत ही निष्पक्ष डील करनी होगी, वरना उसके अस्तित्व पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। इससे पहले ईरान की ओर से तनाव कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने उस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
फ्लाईदुबई घटना और को-पायलट के कनेक्शन पर ट्रंप का संकेत
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट द्वारा मुख्य पायलट पर कथित तौर पर किए गए हमले के मामले में जब ट्रंप से ईरान की भूमिका को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़ा संकेत दिया। ट्रंप ने कहा कि उन्हें मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर वह इस घटना में ईरान का हाथ होने की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले पर अभी काम चल रहा है।
इजरायली पीएम नेतन्याहू की प्रतिक्रिया
वहीं दूसरी ओर, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस मामले पर बयान जारी किया है। नेतन्याहू ने कहा कि इस समय यह दावा करना या कहना जल्दबाजी होगी कि फ्लाईदुबई की इस घटना में ईरान का हाथ था या नहीं।
