उपचुनाव 2021: 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर आज आएगा फैसला
punjabkesari.in Tuesday, Nov 02, 2021 - 06:21 AM (IST)

नई दिल्लीः देश में 30 अक्टूबर को 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए थे। अब आज उसी उपचुनाव के नतीजे आने जा रहे हैं। जीतने के दावे हर पार्टी की तरफ से किए जा रहे हैं, लेकिन असल नतीजे कुछ समय में साफ होने शुरू हो जाएंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि 30 अक्टूबर को 3 लोकसभा सीटों पर वोट पड़े थे। वो सीटे थीं- दादरा व नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश की मंडी और मध्य प्रदेश की खंडवा। इसके अलावा जिन 29 विधानसभा सीटों पर वोट पड़े थे वो थीं- असम की पांच, बंगाल की चार, एमपी, मेघालय और हिमाचल की तीन-तीन, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट।
अब सबसे दिलचस्प मुकाबला मध्य प्रदेश और बिहार में देखने को मिल रहा है क्योंकि इन दोनों ही राज्यों में जमकर प्रचार किया गया था। ऐसा प्रचार जहां पर क्या सीएम, क्या मंत्री, सभी ने हिस्सा भी लिया और कई जनसभाओं को संबोधित किया।