मंगलवार के दिन इन चीजों को खरीदना माना जाता है बेहद अशुभ, बरतें सावधानी
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 12:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क : हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन भगवान हनुमान को समर्पित माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और कई लोग मंगलवार का व्रत भी रखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन से हनुमान जी की उपासना करने से जीवन के संकट दूर होते हैं और नकारात्मक शक्तियों से रक्षा मिलती है। मंगलवार का संबंध मंगल ग्रह से भी माना जाता है, इसलिए इस दिन कुछ नियमों का पालन करना शुभ समझा जाता है।
धर्म शास्त्रों के अनुसार, मंगलवार के दिन कुछ चीजों को खरीदने से बचना चाहिए, क्योंकि इन्हें अशुभ माना जाता है। मान्यता है कि इन नियमों की अनदेखी करने से जीवन में बाधाएं और आर्थिक परेशानियां आ सकती हैं।
यह भी पढ़ें - डाॅक्टर ने बताया वक्त रहते पहचानें हाई BP के ये 7 छुपे लक्षण
मंगलवार को काले रंग के कपड़े न खरीदने और न पहनने की सलाह दी जाती है। इसी तरह, इस दिन शीशे या कांच से बने बर्तन और सामान खरीदना भी वर्जित माना गया है, क्योंकि इससे धन हानि की आशंका बताई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंगलवार के दिन नई जमीन खरीदना या भूमि पूजन करना भी शुभ नहीं होता।
इसके अलावा, इस दिन मांसाहार, शराब और नशीली वस्तुओं की खरीद और सेवन से दूर रहना चाहिए। प्याज और लहसुन खाने से भी परहेज करने की बात कही जाती है। वहीं मंगलवार को श्रृंगार से जुड़ा सामान या सिंदूर खरीदना भी उचित नहीं माना जाता, क्योंकि इस दिन बजरंगबली को सिंदूर अर्पित किया जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंगलवार के इन नियमों का पालन करने से भगवान हनुमान की कृपा बनी रहती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
