असम व मिजोरम के बीच इस दिन होगी सीमा वार्ता

punjabkesari.in Friday, Nov 11, 2022 - 09:57 PM (IST)

आइजोलः मिजोरम और असम के बीच लंबे समय से चले आ रहे अंतरराज्यीय सीमा विवाद को सुलझाने के लिए 17 नवंबर को तीसरे दौर की बातचीत होगी। गृह विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पहले यह वार्ता चार नवंबर को होनी थी लेकिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मिजोरम यात्रा के कारण यह नहीं हो सकी। 

मिजोरम के अतिरिक्त गृह सचिव लालहरियतपुइया ने मीडिया को बताया कि 17 नवंबर को गुवाहाटी में सीमा वार्ता होगी जैसा असम सरकार ने प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा कि मंत्री लालचमलियाना और लालरुआटकिम के नेतृत्व में मिजोरम का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए पड़ोसी राज्य का दौरा करेंगा। गृह विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मिजोरम का प्रतिनिधिमंडल 16 नवंबर को गुवाहाटी के लिए रवाना होगा। 

पिछले साल अगस्त से, दोनों राज्यों ने दो दौर की बातचीत और पांच बार डिजिटल माध्यम से बैठकें की हैं। वे सीमा पर शांति बनाए रखने और बातचीत के जरिए विवादों को सुलझाने पर सहमत हुए हैं। मिजोरम और असम के बीच 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा है तथा उनके बीच लंबे समय से सीमा विवाद है। इस विवाद ने पिछले साल जुलाई में तीखा रूप अपना लिया था जब दोनों राज्यों की पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर गोलीबारी की थी जिससे असम के छह पुलिसकर्मियों एवं एक आम नागरिक की मौत हो गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News