प्रियंका का BJP पर निशाना- राजनीति छोड़िए, महाराष्ट्र सरकार गिराने की बजाए कोरोना से जंग में दें साथ

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2020 - 03:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भाजपा महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों के माध्यम से कांग्रेस द्वारा चलाए गए ‘स्पीकअप इंडिया’ अभियान के तहत वीडियो जारी कर प्रियंका ने यह भी कहा कि भाजपा संकट के समय राजनीति नहीं करे और सबके साथ मिलकर देशवासियों की मदद करे। प्रियंका ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता और कार्यकर्त्ता उन लोगों के लिए आवाज उठा रहे हैं जो कोरोना महामारी के असर से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हम यह कोशिश कर रहे हैं कि सरकार उनकी आवाज सुने।

 

प्रियंका ने सरकार से अपील की कि गरीबों के खाते में तत्काल 10-10 हजार रुपए डाले जाएं और इसके साथ अगले छह महीनों के लिए हर गरीब परिवार को 7500 रुपए मासिक दिया जाए। जो प्रवासी मजदूर घर पहुंच चुके हैं उनके लिए मनरेगा के कार्य दिवस को 100 दिन से बढ़ाकर 200 दिन किया जाए। छोटो कारोबारियों की मदद के लिए सरकार वित्तीय पैकेज दे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राजनतिक दलों खासकर भाजपा नेताओं से आग्रह है कि राजनीति बंद करिए, यह राजनीति का समय नहीं है। यह वो समय है जब सभी लोगों को एकजुट होना चाहिए और मतभेदों को दूर करके लड़ाई लड़नी चाहिए।

 

प्रियंका के मुताबिक आज देश की जनता परेशान है। एक बेटा बैल बनकर अपने पिता को खींच रहा है, एक बेटी अपने पिता को साइकिल पर बैठाकर सैकड़ों किलोमीटर चलती है। एक पिता की गोद में उसके बेटे की मौत हो जाती है। एक मां का शव प्लेटफार्म पर पड़ा है और उसका छोटा बच्चा जगाने की कोशिश कर रहा है। श्रमिक ट्रेनों में लोगों की मौत हो रही है। भारत माता रो रही है, लेकिन भाजपा मौन है। राजनीति छोड़िए। हम सब मिलकर भारतवासियों के साथ खड़े हों।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News