''विपक्ष का मुंह बंद करना चाहती है भाजपा'', जालौर में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2024 - 09:54 PM (IST)

जालौरः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इलेक्टोरल बॉन्ड योजना में उसका सबसे बड़ा भ्रष्टाचार सामने आने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार से नहीं लड़ रहे हैं बल्कि वह विपक्षी नेताओं का मुंह बंद करना चाहते हैं। वाड्रा रविवार को जालौर के भीनमाल में जालौर लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार वैभव गहलोत के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। 

उन्होंने कहा कि मोदी कहते हैं कि वह अकेले भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं जबकि वह भ्रष्टाचार से नहीं लड़ रहे, बल्कि वह विपक्षी नेताओं का मुंह बंद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की भ्रष्टाचार को लेकर बातें खोखली हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड योजना के जरिए उन्होंने भ्रष्ट लोगों से चंदा लिया। उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद पता चला कि मोदी सरकार द्वारा कंपनियों को ठेका दिया गया और भाजपा ने उन्हीं कंपनियों से चंदा लिया। कंपनियों पर जांच एजेंसियों ने कारर्वाई की, फिर उन्हीं कंपनियों से भाजपा ने चंदा लिया। इससे बड़ा भ्रष्टाचार कोई नहीं हो सकता है। 

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज दो मुख्यमंत्रियों को भ्रष्टाचार के बहाने जेल में डाल दिया गया है, ऐसा देश के इतिहास में पहली बार हुआ है। विपक्षी नेताओं पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का दबाव डाला जा रहा है। जब वही विपक्षी नेता भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो अचानक भ्रष्टाचार की बात बंद हो जाती हैं। मोदी जिन नेताओं पर हजारों करोड़ के घोटाले के आरोप लगाते हैं, उन नेताओं के भाजपा में जाने के बाद भ्रष्टाचार का मामला बंद हो जाता है। 

वाड्रा ने महंगाई और बेरोजगारी को देश की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि मोदी सरकार के शासन में पिछले दस वर्षों में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। आज हर चीज पर जीएसटी लगा दी गई है। खेती से कमाई नहीं हो रही है। कांग्रेस की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से निकाला लेकिन भाजपा की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी में धकेलने का काम किया है। उन्होंने मोदी पर जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि असल में वह जनता से दूर हो चुके हैं। इसलिए वह आम आदमी की समस्या पर बात नहीं कर रहे हैं। 

उन्होंने प्रधानमंत्री पर सिर्फ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी नीयत ठीक नहीं है और उनकी नीतियां बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। देश की संपत्ति उद्योगपतियों को सौंपी जा रही है। मोदी ने अरबपतियों का कर्ज माफ कर दिया जबकि किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया। रोजगार देने की बजाय मोदी सरकार अग्निवीर जैसी योजना लेकर आ गई। इस योजना ने युवाओं की उम्मीदों को चूर-चूर कर दिया। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर अग्निवीर योजना तुरंत रद्द की जाएगी। 

उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केंद्र में खाली पड़ी 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया जाएगा। गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपए की मदद दी जाएगी। केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News