गहलोत के अडाणी को ‘‘गौतम भाई'' संबोधित करने पर भाजपा ने कांग्रेस पर कसा तंज, जानिए क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Saturday, Oct 08, 2022 - 12:47 AM (IST)

जयपुरः राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा ‘निवेश राजस्थान समिट' के दौरान अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी को ‘‘गौतम भाई'' संबोधित कर उनकी प्रशंसा करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तंज कसा है। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अडाणी का नाम लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बार-बार हमला किया है। दिलचस्प बात यह है कि जिस समय जयपुर में निवेश राजस्थान समिट उद्घाटन समारोह चल रहा था लगभग उसी समय राहुल गांधी ने एक महिला जिसके पति ने कथित तौर पर कर्ज के कारण आत्महत्या कर ली थी उसके संदर्भ में ‘‘उद्योगपति मित्रों'' (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्योगपति मित्रों) को निशाना बनाने के लिए ट्वीट किया था। 

उल्लेखनीय है कि हाल में गहलोत के वफादार विधायकों ने पार्टी आलाकमान के गहलोत की जगह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर विचार के लिए बुलाई गई विधायक दल की बैठक का बहिष्कार कर दिया था। 

एशिया के सबसे अमीर गौतम अडाणी ने शुक्रवार को निवेश राजस्थान समिट 2022 के उद्घाटन समारोह में भाग लिया और गहलोत के समक्ष उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। वह मंच पर गहलोत के बगल में बैठे थे। न केवल गहलोत ने अडाणी की प्रशंसा की बल्कि अडाणी ने भी गहलोत की योजनाओं और दूरदर्शिता की प्रशंसा की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने 47 सेकंड का वीडियो क्लिप साझा किया है, जिसमें राहुल गांधी अडाणी पर हमला करते नजर आ रहे हैं। 

वहीं, एक वीडियो फुटेज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का है, जिसमें वह संसद में कहती हैं कि राहुल गांधी सरकार पर अडाणी और अंबानी का पक्ष लेने का आरोप लगाते हैं लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री अडाणी और अंबानी का पक्ष लेते हैं। उन्होंने क्लिप के साथ ट्वीट में कहा, ‘‘कल तक जो था विरोधी, आज बना मनमीत, धन की जगी उम्मीद तो बदली अपनी रीत।'' 

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी ने उद्घाटन समारोह में अडाणी के साथ बैठे गहलोत की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि यह कांग्रेस आलाकमान के चेहरे पर एक करारा तमाचा है। एक अन्य ट्वीट में देवनानी ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें गहलोत अडानी को दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बनने पर बधाई दे रहे हैं। 

उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी जी जिस अडाणी समूह को पानी पी-पी कर कोसते रहते हैं, आज निवेश राजस्थान समिट में उन्हीं के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की यह दुर्लभ तस्वीर कांग्रेस आलाकमान के मुंह पर करारा तमाचा है।'' उद्घाटन समारोह में गहलोत के संबोधन के वीडियो क्लिप में मुख्यमंत्री अडाणी को दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति होने पर बधाई दे रहे हैं। क्लिप में गहलोत उद्योगपति को ‘गौतम भाई' कहते हुए सुने जा सकते हैं। 

देवनानी ने वीडियो क्लिप के साथ लिखा, ‘‘अडाणी का नाम लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रहने वाले मुख्यमंत्री जी अपनी अस्थिर सरकार को बचाने के लिए अपने अन्तिम समय में राजस्थान के करोड़ों नागरिकों के मध्य अडाणी की प्रशंसा करते हुए नहीं थक रहे हैं। यह निवेश समिट सिर्फ कागजी एव हवा हवाई वादों के पुल के सिवा कुछ नहीं है।'' 

अडाणी उन अन्य प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल थे, जिन्होंने जयपुर एक्जीबीशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित दो दिवसीय निवेश राजस्थान समिट के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। निवेश समिट के दौरान अडाणी ने राजस्थान में अगले 5 से 7 वर्षों में 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने, सीमेंट संयंत्र का विस्तार करने और जयपुर हवाई अड्डे के उन्नयन के लिए 65,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। उद्योगपति अडाणी ने गहलोत की दूरदृष्टि और सामाजिक सुरक्षा योजना की भी प्रशंसा की। उन्होंने यह भी याद किया कि गहलोत के मुख्यमंत्री के पूर्व शासनकाल के दौरान सरकार द्वारा बिजली परियोजना स्थापित करने के लिए उनकी कंपनी को किस प्रकार समर्थन दिया गया था। 

उद्घाटन सत्र समाप्त होने के बाद अडाणी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उन्होंने राज्य के जिन जिलों में मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, उनमें दो मेडिकल कॉलेजों के निर्माण के लिए भी योगदान देने और उदयपुर में एक क्रिकेट स्टेडियम में योगदान करने का वादा किया है। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने उदयपुर में स्टेडियम के लिए अडाणी की पहल के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। वैभव गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News