BJP सांसद और अनुपम खेर की पत्नी किरण खेर को हुआ ब्लड कैंसर, मुंबई में चल रहा इलाज
punjabkesari.in Thursday, Apr 01, 2021 - 12:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा की चंडीगढ़ से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर एक प्रकार के ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और उनका मुंबई में इलाज चल रहा है। इस बात की जानकारी किरण खेर के भाजपा में उनके एक सहयोगी ने दी है। बताया जा रहा है कि किरण खेर मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं जो ब्लड कैंसर का एक प्रकार है।
चंडीगढ़ के भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि 68 वर्षीय किरण खेर को पिछले साल इस बीमारी का पता चला था। इसके बाद वह इलाज के लिए 4 दिसंबर को मुंबई चली गई थीं। वहां उन्हें हफ्ते में एक रात अस्पताल में रूकना पड़ता है और रेगुलर जांच के लिए अस्पताल भी जाना पड़ता है इसलिए वे चंडीगढ़ में नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले साल 11 नवंबर को चंडीगढ़ के घर में किरण खेर की एक बांह टूट गई थी और उनका पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में मेडिकल टेस्ट करवाया गया था, तभी उनको मल्टीपल मायलोमा का पता चला। बताया जा रहा कि यह बीमारी उनके बाएं हाथ और दाहिने कंधे तक फैल गई थी इसलिए उनको इलाज के लिए दिसंबर में मुंबई जाना पड़ा।
बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस ने किरण खेर के चंडीगढ़ में नहीं होने पर सवाल उठाए थे और उनके लापता होने की चर्चा थी, जिसके बाद अब भाजपा ने सच्चाई बताई है। अभिनेता अनुपम खेर ने भी ट्वीट किया कि किरण खेर का इलाज चल रहा है और पहले से उनकी तबीयत में काफी सुधार है। खेर ने लिखा कि किरण फाइटर और इस बीमारी का भी वो डटकर सामना करेगी।