BJP नेता पर महिला पुलिस अधिकारी से छेड़छाड़ का लगा आरोप, पार्टी से दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 25, 2025 - 04:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पुणे में BJP के शहर महासचिव प्रमोद कोंढरे के खिलाफ एक महिला पुलिस निरीक्षक से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं।  इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। महिला अधिकारी की शिकायत के बाद कोंढरे के खिलाफ फरासखाना पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। आरोपों के बाद प्रमोद कोंढरे ने पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया है। 

क्या थी घटना?

यह घटना सोमवार को हुई जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पुणे दौरे पर थे। शनिवार वाड़ा के पास एक कार्यक्रम में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद कसबा पेठ के बीजेपी विधायक हेमंत रासने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पास की एक दुकान पर चाय पिलाने ले गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर प्रमोद कोंढरे ने कथित तौर पर महिला पुलिस निरीक्षक को दो बार आपत्तिजनक तरीके से छुआ।

जांच और एफआईआर

महिला अधिकारी ने इस घटना के तुरंत बाद अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई और उस दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इन फुटेज में कथित घटना रिकॉर्ड पाई गई। सीसीटीवी फुटेज और महिला अधिकारी के बयान के आधार पर प्रमोद कोंढरे के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार प्रमोद कोंढरे के खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ का एक मामला दर्ज किया जा चुका है।   

कोंढरे ने आरोपों से किया इनकार

प्रमोद कोंढरे ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि महिला अधिकारी को उनका किसी भी प्रकार का धक्का नहीं लगा था। पुलिस को दिए गए अपने बयान में उन्होंने कहा, "मेरा कोई धक्का संबंधित महिला अधिकारी को नहीं लगा।" उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखते हुए लिखा, "सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।" इस पूरे मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जारी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News