''BJP के आका तय करेंगे हार्दिक पटेल का अगला कदम क्या होगा'': इस्तीफे पर कांग्रेस ने कसा तंज

punjabkesari.in Wednesday, May 18, 2022 - 03:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने हार्दिक पटेल के इस्तीफे को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि उनके त्यागपत्र में इस्तेमाल शब्द भारतीय जनता पार्टी के हैं और अब ‘भाजपा के आका' तय करेंगे कि हार्दिक का अगला कदम क्या होगा। पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने यह दावा भी किया कि गुजरात में भाजपा अपने खिसकते जनाधार के कारण कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात में राहुल गांधी की हालिया रैली के बाद भाजपा में डर पैदा हो गया है। उसका आधार खिसक रहा है।

'भाजपा के आका तय करेंगे हार्दिक पटेल की अगली चाल'
डरी और बौखलाई भाजपा कांग्रेस के आधार को कमजोर बनाने के लिए सिर्फ साम, दाम, दंडभेद का सहारा ही नहीं ले रही है, बल्कि निम्न स्तर पर जाकर वार कर रही है।'' गोहिल ने दावा किया, ‘‘त्यागपत्र में जो शब्द लिखे गए हैं, उससे लगता है कि हार्दिक पटेल की अगली चाल क्या होगी, वह भाजपा के आका तय करेंगे। एक कठपुतली को जिस तरह से नचाते हैं, उसी तरह भाजपा हार्दिक पटेल की हर चाल तय करेगी।'' कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हार्दिक पटेल द्वारा निशाना साधे जाने पर गोहिल ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस छोड़ने वाला का आरोप नहीं है।

'कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र'
भाजपा लिखकर देती है, ऐसे-ऐसे आरोप लगाओ। मुंह उनका होता है और शब्द भाजपा के होते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले आपकी (हार्दिक की) राहुल गांधी से मुलाकात होती है। आपको कौन रोक रहा था मिलने से? कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। इस पर हमें नाज है। भाजपा में तो थोड़ा सा शब्द आका के खिलाफ बोला तो उसका पांव नहीं गला काटा जाता है।'' कांग्रेस की गुजरात इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए त्यागपत्र को ट्विटर पर साझा कर यह जानकारी दी कि उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News