बीते 24 घंटों में दुनिया के अरबपतियों को लगा तगड़ा झटका, संपत्ति में आई इतनी बड़ी गिरावट; अकेले एलन मस्क रहे मालामाल

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 04:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में बीते 24 घंटों के दौरान जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। टॉप-10 अरबपतियों में शामिल ज्यादातर दिग्गजों की दौलत में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में तेज उछाल आया है। इस तेज हलचल ने ग्लोबल बिजनेस और शेयर बाजार की अस्थिरता को साफ दिखा दिया है।

एलन मस्क की दौलत में रिकॉर्ड उछाल

ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार, एलन मस्क की नेटवर्थ में सिर्फ 24 घंटे में करीब 42 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। इस बढ़त के साथ उनकी कुल संपत्ति बढ़कर लगभग 683 अरब डॉलर हो गई है। टॉप-10 अरबपतियों में एलन मस्क अकेले ऐसे रहे, जिनकी संपत्ति में इतनी बड़ी तेजी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें - जानें 24 कैरेट 10 ग्राम गोल्ड का ताजा रेट

सबसे ज्यादा नुकसान किसे हुआ?

दूसरी ओर कई बड़े उद्योगपतियों को तगड़ा झटका लगा है। ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। उनकी संपत्ति में एक ही दिन में करीब 8.8 अरब डॉलर की गिरावट आई, जिसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ घटकर लगभग 246 अरब डॉलर रह गई।

बेजोस और जुकरबर्ग भी घाटे में

अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की संपत्ति में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। उनकी नेटवर्थ करीब 5.2 अरब डॉलर कम होकर लगभग 259 अरब डॉलर रह गई। वहीं मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में भी एक दिन में करीब 5.3 अरब डॉलर की कमी आई और उनकी कुल दौलत घटकर लगभग 218 अरब डॉलर पर पहुंच गई।

अन्य दिग्गजों की संपत्ति में भी गिरावट

माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व CEO स्टीव बाल्मर की दौलत में करीब 3.5 अरब डॉलर की गिरावट आई और उनकी संपत्ति 161 अरब डॉलर रह गई। लक्ज़री ब्रांड्स के कारोबारी बर्नार्ड अर्नाल्ट की नेटवर्थ में भी करीब 2.4 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। वहीं एनवीडिया के प्रमुख जेन्सन हुआंग की संपत्ति भी करीब 2 अरब डॉलर घट गई।

यह भी पढ़ें - राजनीति में हलचल! BJP के इस वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस में वापसी का किया ऐलान, बताई ये अहम वजह

वॉरेन बफे और गूगल के संस्थापकों को भी नुकसान

दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे की संपत्ति में भी मामूली गिरावट आई और उनकी नेटवर्थ लगभग 149 अरब डॉलर रह गई। गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन और लैरी पेज की दौलत में भी बीते 24 घंटों में कमी देखने को मिली, हालांकि यह गिरावट अन्य अरबपतियों की तुलना में कम रही।

भारतीय अरबपतियों की स्थिति

भारतीय अरबपतियों की बात करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में हल्की बढ़त दर्ज की गई है और उनकी नेटवर्थ करीब 100 अरब डॉलर के आसपास पहुंच गई है। वहीं अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में गिरावट आई और उनकी कुल दौलत घटकर लगभग 80 अरब डॉलर रह गई।

एक ही दिन में दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में आई यह बड़ी उठापटक बाजारों की अस्थिरता और वैश्विक आर्थिक हालात को दर्शाती है, जहां कुछ को बड़ा फायदा मिला तो कई दिग्गजों को नुकसान उठाना पड़ा।

यह भी पढ़ें - अर्चना पूरन सिंह को हुई ये गंभीर बीमारी, इलाज भी है असंभव; मां-बेटे की आंखों से छलके आंसू


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News