भेल खाने के लिए निकली थी युवती, अचानक पीछे से आ गए दो बाइक सवार युवक, फिर एकदम से चीखने...

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 12:16 PM (IST)

Solapur Acid Attack : महाराष्ट्र के सोलापुर से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने शहर की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार शाम को एक 21 वर्षीय युवती पर भीड़भाड़ वाले इलाके में दो बाइक सवार युवकों ने एसिड (तेजाब) जैसा पदार्थ फेंक दिया। इस हमले ने न केवल युवती को शारीरिक रूप से झुलसा दिया है बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

भीड़ के बीच वारदात, चंद सेकंड में फरार हुए आरोपी

घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की है। पीड़िता घर से पास के बाजार में भेल खाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह बोहरी पेट्रोल पंप के पास पहुंची पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके चेहरे को निशाना बनाते हुए ज्वलनशील पदार्थ फेंका। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता हमलावर तेजी से भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अस्पताल में जिंदगी की जंग

हमले के तुरंत बाद युवती दर्द से चीखने लगी जिसे देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने और चेहरे के जख्मों के इलाज में जुटी है। इस घटना से पीड़िता का परिवार गहरे सदमे में है।

यह भी पढ़ें: Moon Mission: चांद बनेगा पावर हाउस, अब सूरज से नहीं, चंदा मामा से आएगी बिजली! जानें कैसे?

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की तलाश

सूचना मिलते ही सोलापुर पुलिस हरकत में आई और मौके का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की बाइक का नंबर और उनकी पहचान की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News