बिहार के उपमुख्यमंत्री का चौकाने वाला बयान - कांग्रेस की वजह से नेपाल में शुरु हुई हिंसा

punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 11:49 AM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने नेपाल में जारी हिंसा और राजनीतिक उथल-पुथल के लिए एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि नेपाल में हिंसा के लिए कांग्रेस पार्टी की नीतियों जिम्मेदार हैं। उन्होंने एक चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि अगर नेपाल और पाकिस्तान भारत का हिस्सा होते, तो वे भी आज भारत की तरह शांतिपूर्ण और समृद्ध होते।

PunjabKesari

क्या बोले सम्राट चौधरी?

सम्राट चौधरी ने अपने बयान में कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा,"नेपाल में जो अराजकता और हिंसा फैल रही है, उसकी जड़ में कांग्रेस की पुरानी गलतियां हैं। अगर नेपाल और पाकिस्तान को भारत से अलग न किया गया होता, तो आज ये देश भी भारत की तरह ही विकास और शांति के रास्ते पर होते। कांग्रेस की नीतियों ने न सिर्फ इन देशों को अलग किया, बल्कि इसका असर भारत की सुरक्षा और स्थिरता पर भी पड़ रहा है।"

PunjabKesari

नेपाल में हिंसा फैलने की वजह-

नेपाल में पिछले कुछ समय से Gen-Z आंदोलन चल रहा है, जिसकी शुरुआत सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के विरोध में हुई थी। यह आंदोलन अब हिंसक रूप ले चुका है। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, राष्ट्रपति आवास और मंत्रियों के घरों को निशाना बनाया है। इस हिंसा में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं। बढ़ते दबाव के कारण नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने इस्तीफा दे दिया है, जिससे वहां राजनीतिक संकट और गहरा गया है।

कांग्रेस पर आरोप

सम्राट चौधरी ने कांग्रेस की नीतियों को न सिर्फ नेपाल की अस्थिरता के लिए जिम्मेदार ठहराया, बल्कि यह भी कहा कि इन नीतियों ने भारत के पड़ोसियों में अराजकता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस "ऐतिहासिक सच्चाई" को समझें और कांग्रेस को इन गलतियों के लिए जवाबदेह ठहराएं।

भारत - नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

नेपाल की इस अस्थिरता का सीधा असर भारत पर भी दिख रहा है। नेपाल सीमा के साथ लगते बिहार के 7 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल और किशनगंज शामिल हैं। सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की तैनाती बढ़ा दी गई है और 'मैत्री पुल' पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस तनावपूर्ण माहौल के कारण नेपाल की सीमा से लगे इलाकों में ट्रकों की 5 किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं और कई यात्री भी फंसे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News