सिद्धू मूसेवाला की मौत पर बड़ा खुलासा, डॉक्युमेंट्री में गोल्डी बराड़ ने बताया क्यों की हत्या

punjabkesari.in Wednesday, Jun 11, 2025 - 08:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला ने अपने छोटे से करियर में बहुत बड़ा नाम कमाया था, लेकिन साल 2022 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके फैंस अभी भी इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं और लगातार सिंगर के कातिलों को सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच, सिद्धू मूसेवाला पर बनी एक डॉक्युमेंट्री सामने आई है, जिसमें उनकी मौत से जुड़े कई बड़े खुलासे किए गए हैं। बीबीसी ने मंगलवार, 10 जून को 'द किलिंग कॉल' (The Killing Call) नाम से यह डॉक्युमेंट्री यूट्यूब पर दो हिस्सों में रिलीज़ की है। पहले इसे मूसेवाला की जयंती पर मुंबई में रिलीज़ किया जाना था, लेकिन हालिया विवादों को देखते हुए बीबीसी ने इसे एक दिन पहले ही यूट्यूब पर जारी कर दिया।

इस डाक्युमेंट्री में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि गोल्डी बराड़, जिसने मूसेवाला की हत्या का दावा किया था, उसने खुद बताया है कि आखिर मूसेवाला को क्यों मारा गया। बराड़ ने दो ऐसी 'गलतियों' का जिक्र किया है, जिन्हें वह मूसेवाला की हत्या की मुख्य वजह मानते हैं।

गोल्डी बराड़ ने क्यों मारा सिद्धू मूसेवाला को?

गोल्डी बराड़ के अनुसार, "सिद्धू मूसेवाला ने घमंड में कुछ ऐसी गलतियां कीं जिन्हें कभी माफ नहीं किया जा सकता था।" बराड़ ने मूसेवाला की दो मुख्य गलतियाँ बताईं:

लॉरेंस बिश्नोई से नजदीकी: बराड़ ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला पहले से ही लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में थे। उन्हें नहीं पता कि किसने उन दोनों को मिलाया था, लेकिन मूसेवाला की हत्या से काफी पहले से ही दोनों के बीच बातचीत होती थी। बराड़ के मुताबिक, मूसेवाला चापलूसी के मकसद से लॉरेंस बिश्नोई को 'गुड मॉर्निंग' और 'गुड इवनिंग' भी भेजा करते थे।

दुश्मन गैंग का समर्थन: दोनों के बीच असली मनमुटाव तब शुरू हुआ, जब मूसेवाला ने बिश्नोई के दुश्मन गैंग 'बंबिहा' द्वारा आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट को बढ़ावा दिया। बंबिहा गैंग के गाँव से लॉरेंस गैंग की पुरानी दुश्मनी थी। बराड़ ने बताया, "वह (मूसेवाला) हमारे दुश्मनों को प्रमोट करने लगा था। इस वजह से लॉरेंस और गैंग के बाकी लोग मूसेवाला से बहुत गुस्सा थे। उन्होंने इस बारे में सिद्धू को चेतावनी भी दी थी।"

मिड्डुखेरा की हत्या ने बढ़ाई दुश्मनी

चीजें तब और भी ज्यादा बिगड़ गईं, जब अगस्त 2021 में मिड्डुखेरा की हत्या कर दी गई। इस हत्या की जिम्मेदारी बंबिहा गैंग ने ली थी और इस मामले में मूसेवाला के दोस्त और मैनेजर शगनप्रीत सिंह का नाम भी सामने आया था। गोल्डी बराड़ ने दावा किया, "सभी इस मामले में जानते हैं कि सिद्धू मूसेवाला का क्या रोल था। यहाँ तक कि जिन पुलिसकर्मियों और पत्रकारों ने सिद्धू मूसेवाला की जाँच की थी, वे भी इस बारे में जानते हैं। सिद्धू ने इस मामले में अपनी ताकत के दम पर राजनेताओं को भी प्रभावित किया था। वह राजनीति की ताकत, पैसा और अन्य माध्यमों की मदद से हमारे दुश्मन की मदद कर रहा था।"

"हम उसे सजा देना चाहते थे, इसलिए हमने खुद न्याय किया"

गोल्डी बराड़ के हवाले से डॉक्युमेंट्री में कहा गया है, "हम चाहते थे कि उसने जो किया है, उसके लिए उसे सजा मिलनी चाहिए। उसके खिलाफ मुकदमा चलना चाहिए, उसे जेल में होना चाहिए। लेकिन हमारी बात को नजरअंदाज किया गया और किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसलिए हमने खुद न्याय किया।" बराड़ ने यह भी कहा कि "कानून और इंसाफ जैसा कुछ भी नहीं है। सिर्फ वही इंसाफ पा सकता है, जिसके पास ताकत है। हमारे जैसे आम आदमी को इंसाफ नहीं मिल सकता है।"

सिद्धू मूसेवाला के पिता की अपील को किया गया नज़रअंदाज़

इस डॉक्युमेंट्री को लेकर सिद्धू मूसेवाला के पिता ने बीबीसी से गुजारिश की थी कि इसे रिलीज़ न किया जाए। उनका मानना था कि इससे मूसेवाला के केस पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। हालांकि, उनकी इस गुजारिश को नज़रअंदाज़ करते हुए डॉक्युमेंट्री अब जारी कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News