गैंगस्टर राजू ठेठ मर्डर केस में बड़ा एक्शन, पुलिस ने सभी 5 आरोपी पकड़े, गहलोत बोले- दिलवाएंगे कड़ी सजा

punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2022 - 11:42 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के सीकर शहर में शनिवार को एक गैंगस्टर राजू ठेहट और एक अन्य व्यक्ति ताराचंद की हत्या के मामले में सभी पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड के पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये पांचों आरोपियों में सीकर जिले के निवासी मनीष जाट एवं विक्रम गुर्जर और हरियाणा के भिवानी जिले के सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल और नवीन मेघवाल शामिल है। इन सभी से हथियार और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।

उन्होंने जयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक उमेश दत्ता और सीकर के पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप एवं समस्त टीम को कुशल नेतृत्व प्रदान कर अपराधियों को पकड़ने के लिये बधाई दी और कहा कि टीम को सम्मानित किया जायेगा। गैंगस्टर राजू ठेहट की शनिवार को सीकर के उद्योग विहार थाने के पिपराली रोड स्थित उसके घर के मुख्य दरवाजे पर ही पांच लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन, रिश्तेदार व स्थानीय लोग सीकर जिला अस्पताल के शवगृह के सामने धरने पर बैठे हैं। लाडनूं (नागौर) से कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर भी धरने में शामिल हैं।

त्वरित ट्रायल कर दिलाई जाएगी सख्त सजा- गहलोत
आरोपियों के पकड़े जाने के बाद राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि कल सीकर में हुए हत्याकांड के 5 आरोपियों को मय हथियार और गाड़ियों के गिरफ्तार कर लिया गया है।इन सभी आरोपियों को त्वरित ट्रायल कर अदालत के द्वारा जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा। 

यह आनंदपाल सिंह और बलबीर बानूड़ा का बदला- बिश्नोई गिरोह
घटना के तुरंत बाद खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताने वाले रोहित गोदारा ने ठेठ की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए फेसबुक पर लिखा कि यह आनंदपाल सिंह और बलबीर बानूड़ा का बदला है। आनंदपाल गिरोह के सदस्य बलबीर की जुलाई 2014 में बीकानेर जेल में एक ‘गैंगवॉर' में मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। हरियाणा से लगती सीमा और झुंझुनू जिले की सीमा को सील कर दिया गया है।

पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या
पुरानी रंजिश के चलते राजू ठेठ की हत्या को अंजाम दिया गया है। खबरों की मानें तो राजू ठेठ और एनकाउंटर में मारे जा चुके आनंदपाल के बीच काफी पुरानी खुनस चल रही थी। एक बार राजू ठेठ ने जेल में बंद आनंदपाल पर हमला करवाया था जब वह जेल में बंद था। जेल के अंदर हुए उस हमले में आनंदपाल तो बच गया था लेकिन इसमें एक अन्य शख्स की मौत हो गई थी। लेकिन बाद में आनंदपाल की हत्या कर दी गई थी। 

असली खेल मास्टरमाइंड लेडी डॉन ने खेला
आनंदपाल के मरने के बाद उसकी गर्लफ्रेंड लेडी डॉन अनुराधा अब लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी से हांथ मिला चुकी है। अब ऐसा माना जा रहा है कि लॉरेंस और काला जेठड़ी गैंग ने मिलकर राजू ठेठ की हत्या को अंजाम दिया है। हत्या भले ही लॉरेंस और काला जेठड़ी गैंग के गुर्गों ने की है लेकिन असली खेल मास्टरमाइंड लेडी डॉन ने ही खेला है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सूत्रों का कहना है कि, राजू ठेठ को मारने का प्लान बीते 10 सालों से चल रहा था। 
 




 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News