पकड़ा गया एयरोब्रिज से तस्करी करने वाला शातिर गिरोह, Customs Assistant और Airline कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 02:39 PM (IST)
इंदौर : राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहे एक बड़े सोना तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में सीमा शुल्क (Customs) विभाग के एक एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट और एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक कर्मचारी समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई द्वारा बुधवार को जारी बयान के अनुसार आरोपियों के पास से 1.44 करोड़ रुपये मूल्य का 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया है। बता दें कि डीआरआई ने खुफिया सूचना के आधार पर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
विज्ञप्ति में कहा गया है गिरोह का सोना तस्करी का तरीका अलग था। अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री विमान से उतरने के बाद सीमा शुल्क के आगमन क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले एयरोब्रिज पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक कर्मचारी को तस्करी का सोना सौंप देते थे।
यह भी पढ़ें: मुंबई में 2 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, चेंबूर में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
इसके बाद यह कर्मचारी आव्रजन और सीमा शुल्क जांच से बचते हुए सोना बाहर ले जाता था और इसे गिरोह के सदस्यों को सौंप देता था। खुफिया सूचना के आधार पर तीन अगस्त को डीआरआई अधिकारियों ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री की पहचान करके उसे भी पकड़ लिया।
इसके साथ ही तस्करी में सक्रिय रूप से मदद करने वाले एअर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी को भी हिरासत में ले लिया गया। डीआरआई की पूछताछ में यह भी सामने आया कि सीमा शुल्क विभाग का एक कार्यकारी सहायक भी इस गिरोह को विदेशी सोना भारत में तस्करी के जरिये लाने में मदद कर रहा था।
यह भी पढ़ें: 1.13 करोड़ की बड़ी ठगी का पर्दाफाश: 45 करोड़ निवेश का झांसा देने वाली गिरोह की 2 महिलाएं गिरफ्तार
विज्ञप्ति के मुताबिक 24 कैरेट सोने के दो कंगन के रूप में कुल 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1.44 करोड़ रुपये है। इस मामले में पांचों आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। इस बीच डीआरआई ने राज्य में एक अन्य कार्रवाई में कटनी जंक्शन स्थित रेलवे स्टेशन पर दो लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 748.10 ग्राम विदेशी सोने की ईंट बरामद की है।
