8वीं क्लास का प्यार और 10 साल का साथ! फिर भी दूल्हे को चाहिए थी दूसरी बीवी, हाथ में मंगलसूत्र लेकर मंडप पर पहुंचा लेकिन...

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:31 PM (IST)

Bengaluru Groom Arrested : कर्नाटक के मांड्या जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया जब एक शख्स बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने जा रहा था। जैसे ही दूल्हा अपनी दूसरी दुल्हन को मंगलसूत्र पहनाने ही वाला था उसकी पहली पत्नी पुलिस के साथ विलेन बनकर मंडप में पहुंच गई। इस अचानक हुई एंट्री से खुशियों वाले घर में अफरा-तफरी मच गई और अंत में शादी टूट गई।

8वीं क्लास वाला प्यार और 10 साल का सफर

मामला बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर के रहने वाले हरिप्रसाद और उसकी पहली पत्नी लेपाक्षी से जुड़ा है। हरिप्रसाद और लेपाक्षी का रिश्ता 8वीं क्लास से था। सालों के अफेयर के बाद 2014 में दोनों ने धूमधाम से शादी की थी। करीब 10 साल तक साथ रहने के बाद पारिवारिक झगड़ों और मनमुटाव के कारण दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। हालांकि कानूनन इनका तलाक नहीं हुआ था।

बिना तलाक नई जिंदगी की तैयारी

हरिप्रसाद ने अपनी पहली पत्नी को बिना बताए मांड्या की रहने वाली पुण्यश्री के साथ रिश्ता तय कर लिया। येदियूर के एक कल्याण मंडप में शादी की रस्में चल रही थीं। मेहमान खाना खा रहे थे और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर थे। हरिप्रसाद को लगा कि वह अपनी पहली पत्नी से पीछा छुड़ा चुका है लेकिन लेपाक्षी को इस गुपचुप शादी की भनक लग गई।

यह भी पढ़ें: Old Rs 100 Note : एक 100 रुपये का नोट आपको रातों-रात बना सकता है करोड़पति, लाखों में है इसकी कीमत! जानें कैसे बेचें?

ऐन मौके पर पुलिस की एंट्री

लेपाक्षी हाथ पर हाथ धरे बैठने के बजाय अमृतूर पुलिस के पास पहुंची और मदद मांगी। जब मंगलसूत्र पहनाने का सबसे खास पल आया तभी लेपाक्षी ने पुलिस के साथ मंडप में धावा बोल दिया। लेपाक्षी ने दुल्हन के माता-पिता को हरिप्रसाद की पहली शादी के सबूत दिखाए और बताया कि वह कानूनी रूप से अब भी उसकी पत्नी है। सच्चाई सामने आते ही दुल्हन के परिवार ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया।

मेहमान लौटे वापस, दूल्हा पहुंचा थाना

शादी रुकने के बाद मंडप में सन्नाटा पसर गया और सभी मेहमान बिना शादी देखे वापस लौट गए। लेपाक्षी ने कहा, "हम अलग जरूर रह रहे थे लेकिन उसने मुझे तलाक नहीं दिया था। कानून को धोखा देकर वह दूसरी जिंदगी शुरू नहीं कर सकता।" फिलहाल पुलिस ने हरिप्रसाद को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News