Indian Bank के Manager ने 15 लॉकर से चोरी किया 4 करोड़ का 2.7 किलोग्राम सोना, गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 12:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  बेंगलुरु के गिरिनगर इलाके में स्थित Indian Bank की शाखा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात असिस्टेंट बैंक मैनेजर किरण कुमार ई की घिनौनी करतूत उजागर हुई। आरोपी अधिकारी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के चक्कर में आकर 15 अलग-अलग ग्राहकों के लॉकर से करीब 2.7 किलोग्राम सोना पार कर दिया। इस चोरी किए गए गहनों की बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

धीरे-धीरे दिया वारदात को अंजाम
किरण कुमार ने यह चोरी किसी फिल्मी डकैती की तरह नहीं, बल्कि बड़े ही शातिराना ढंग से 'स्लो पॉइजन' की तरह की। जून 2025 से लेकर जनवरी 2026 के बीच वह धीरे-धीरे लॉकर से गहनों के पैकेट निकालता रहा। बैंक के नियमित स्टॉक वेरिफिकेशन के दौरान जब लॉकर रूम में मौजूद कुल 24 पैकेटों के साथ छेड़छाड़ पाई गई, तब जाकर इस बड़े घोटाले की परतें खुलीं। जांच में सामने आया कि 3 पैकेट तो पूरी तरह खाली हो चुके थे।

निजी फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखा सोना
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में पता चला कि उसने चुराए गए गहनों को अलग-अलग प्राइवेट फाइनेंस कंपनियों के पास गिरवी रखकर नकदी हासिल की थी। इस पैसे का इस्तेमाल वह ऑनलाइन जुआ खेलने में करता रहा। पुलिस ने अब तक करीब  700 ग्राम सोना बरामद करने में सफलता पाई है, हालांकि कुछ निजी फाइनेंस कंपनियों के असहयोग के कारण बाकी गहनों की बरामदगी में चुनौतियां आ रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News