बेंगलुरु में फिर बीच सड़क महिला से छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई घटना!(VIDEO)

punjabkesari.in Thursday, Mar 23, 2017 - 02:18 PM (IST)

बेंगलुरु: बेंगलुरु में बीच सड़क एक महिला के साथ स्कूटर पर बैठे शख्स द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने अाया है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बेंगलुरु के विजयनगर इलाके में शाम के समय 2 महिलाएं एक सुनसान सड़क पर जा रही हैं। वहां रोशनी भी काफी कम है। तभी एक स्कूटर पीछे से आता है और महिलाओं के पास से गुजरता है। तभी स्कूटर की पिछली सीट पर बैठा शख्स उनमें से एक महिला को दबोचने के लिए अपना हाथ बढ़ाता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि अभी तक मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वह दोषियों की तलाश कर रही हैं। 
 


पुलिस का कहना है कि हम पीड़ितों की तलाश कर रहे हैं और उसकी भी जिसने यह वीडियो अपलोड किया है। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह छेड़खानी का मामला है या लूटपाट की कोशिश का। पिछले कुछ महीनों के दौरान बेंगलुरु में महिलाओं से छेड़छाड़ की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नए साल की संध्या पर बेंगलुरु के मध्य में स्थित एमजी रोड पर कई महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटना से पूरे देश में गुस्से की लहर फैल गई थी। घटनास्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में दिखा था कि नशे में चूर लोगों ने महिलाओं का पीछा किया और उनके साथ छेड़खानी की। 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News