Bank Holidays : मार्च महीने में 18 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानें कब-कब किस जिले में रहेगी छुट्टी
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:42 PM (IST)
नेशनल डेस्क : फरवरी के खत्म होते ही नया महीना दस्तक देने जा रहा है। ऐसे में अगर मार्च 2026 में आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। डिजिटल बैंकिंग के बावजूद कई काम ऐसे होते हैं, जिनके लिए शाखा में जाकर ही प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। ऐसे में अगर बिना जानकारी के बैंक पहुंच गए और शाखा बंद मिली, तो आपका काम अटक सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी अवकाश कैलेंडर के अनुसार मार्च महीने में अलग-अलग राज्यों में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें साप्ताहिक अवकाश, दूसरे और चौथे शनिवार के साथ-साथ विभिन्न त्योहारों की छुट्टियां शामिल हैं।
महीने की शुरुआत ही रविवार (1 मार्च) से हो रही है, इसलिए देशभर में बैंक बंद रहेंगे। 2 मार्च को होलिका दहन के कारण कानपुर और लखनऊ में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। 3 और 4 मार्च को होली के चलते देश के कई बड़े शहरों- जैसे भोपाल, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, मुंबई, पटना, रांची, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, जम्मू, नई दिल्ली, रायपुर, शिलांग और शिमला- में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
8 मार्च को रविवार है, जबकि 14 मार्च दूसरा शनिवार और 15 मार्च रविवार पड़ रहा है, जिससे लगातार दो दिन बैंक बंद रहेंगे। 13 मार्च को चापचर कुट के अवसर पर आइजोल में बैंक नहीं खुलेंगे। 17 मार्च को शब-ए-कद्र के चलते जम्मू और श्रीनगर में अवकाश रहेगा।
19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरात्रि की शुरुआत के कारण मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और श्रीनगर समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। 20 मार्च को ईद-उल-फितर और जुमात-उल-विदा के मौके पर जम्मू, कोच्चि, श्रीनगर, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा में अवकाश रहेगा। 21 मार्च को रमजान ईद और सरहुल के कारण अधिकांश शहरों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी, हालांकि कुछ स्थानों पर शाखाएं खुली रह सकती हैं।
22 मार्च को रविवार होने से देशभर में बैंक बंद रहेंगे। 26 और 27 मार्च को राम नवमी के अवसर पर कई राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा। 28 मार्च चौथा शनिवार और 29 मार्च रविवार है, जिससे लगातार दो दिन फिर बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। महीने के अंतिम दिन 31 मार्च को महावीर जयंती के कारण कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
