यूक्रेन में मालवाहक जहाज पर हमला: 4 भारतीयों की मौ'त, 1 गंभीर रूप से घायल
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 09:09 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से अनाज लेकर रवाना हो रहे एक मालवाहक जहाज पर हुए भीषण हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है। भारत सरकार ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को "अत्यंत निंदनीय" करार दिया है।
शाम के समय हुआ हमला
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह हमला 19 जुलाई की शाम को उस समय हुआ जब गिनी-बिसाऊ के झंडे वाला जहाज 'एमवी गोल्डन लियो' (MV Golden Leo) ओडेसा बंदरगाह से बाहर निकल रहा था। इस जहाज पर चालक दल के कुल 17 सदस्य सवार थे, जिनमें से पांच भारतीय थे।
सरकार ने व्यक्त किया दुख
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा, "उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चार भारतीय नागरिकों ने दुखद रूप से अपनी जान गंवा दी है, जबकि एक अन्य अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती है"। सरकार ने मृतक भारतीयों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायल नागरिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
दूतावास कर रहा है मदद
यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास वहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है। मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
