Assam Election 2026 Voting: असम में सत्ता की जंग जारी, 5 बजे तक असम में हुआ 84.42% मतदान, एक चुनाव अधिकारी की मौत
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 03:55 PM (IST)
गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव के लिए वीरवार सुबह से जारी मतदान के बीच 5 बजे तक 5 बजे तक 84.42% मतदान लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।
अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शुरुआती छह घंटे में राज्य के 2.5 करोड़ मतदाताओं में से 59.63 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर एक बजे तक ग्वालपाड़ा जिले के दुधनोई में सबसे अधिक 66.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि डिब्रूगढ़ में सबसे कम 50.85 प्रतिशत मतदान हुआ। इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। लुकबाड़ी सीट से दोबारा चुनाव मैदान में उतरे मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कामरूप (मेट्रो) जिले के गराल बुनियादी एलपी स्कूल में अपनी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा, बेटे नंदिल और बेटी सुकन्या के साथ मतदान किया। मतदान से पहले उन्होंने परिवार सहित नीलांचल पहाड़ियों पर स्थित कामाख्या मंदिर और उत्तर गुवाहाटी के डौल गोविंदा मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उधर, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने अपनी मां डॉली गोगोई के साथ जोरहाट के डीसीबी एलपी स्कूल में वोट डाला। अब तक वोट डालने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में नाजिरा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, जोरहाट में केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, खोवांग में असम गण परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और शिवसागर में रायजोर दल प्रमुख अखिल गोगोई शामिल हैं। राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।
असम चुनाव:
- कुल मतदाता: 2.5 करोड़
- पुरुष मतदाता: 1,25,31,552
- महिला मतदाता: 1,25,22,593
- ट्रांसजेंडर मतदाता: 318
- सेवा मतदाता: 63,423
- 18-19 वर्ष आयु समूह: 6,42,314
- 80 वर्ष से अधिक उम्र: 2,50,006
- विकलांग मतदाता: 2,05,085
- मतदान केंद्रों में वेबकैस्टिंग की सुविधा सभी 31,490 केंद्रों पर उपलब्ध कराई गई है।
- मतदान कर्मियों की संख्या: 1,51,132
- बैलट यूनिट्स: 41,320,
- कंट्रोल यूनिट्स: 43,975,
- VVPAT मशीनें: 43,997
Assam Assembly Elections LIVE Update:
चुनाव संबंधी हिंसा में सात लोग हिरासत में लिए गए
असम में दो स्थानों पर चुनाव संबंधी हिंसा के सिलसिले में अधिकारियों ने सात लोगों को वीरवार को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह मतदान शुरू होने के बाद कई मतदान केंद्रों पर मामूली झड़प भी हुईं, जिनमें लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था), अखिलेश कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले बुधवार रात को तामुलपुर और शिवसागर में हिंसा हुई।
-भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा जारी 2026 विधानसभा चुनावों के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दोपहर 1 बजे तक असम में 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ
-दिवंगत गायक ज़ुबीन गर्ग की पत्नी, गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पलमी बोरठाकुर ने दिसपुर के मतदान केंद्र में डाला वोट।
-केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने जोरहाट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 में अपना वोट डाला।
-भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 11 बजे तक असम में मतदान प्रतिशत 38.92% दर्ज किया गया।
- आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक राज्य में 17.87% मतदान दर्ज किया गया है। सुबह की शुरुआत से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
-इस बार के चुनाव में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के बूथों पर महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर या कहीं-कहीं उनसे अधिक नजर आ रही है।
-वहीं, फर्स्ट टाइम वोटर्स (First-time Voters) में भी गजब का जोश है। पहली बार वोट डालने आए युवाओं का कहना है कि वे विकास, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर अपना प्रतिनिधि चुन रहे हैं। सेल्फी पॉइंट्स पर 'स्याही लगी उंगली' के साथ युवाओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
-असम चुनाव 2026: एक युवा मतदाता का कहना है, "हमें उस पार्टी को वोट देना चाहिए जो हमारे लिए उचित काम करे। हमें देखना चाहिए कि कौन सी पार्टी हमें अधिकतम सुविधाएं दे रही है।"

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में विधानसभा चुनाव के बीच गुरुवार को असम के सोनितपुर जिले में एक मतदान अधिकारी मृत पाया गया। उन्होंने बताया कि देबेन होरो (45) को नादुआर निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। एक अधिकारी ने बताया, "होरो को डोलापानी एलपी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 230 में तैनात किया गया था। आज सुबह वह अपने बिस्तर पर बेहोश पाए गए। उन्हें एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने बताया कि मृत्यु का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि डॉक्टरों को संदेह है कि किसी अंतर्निहित बीमारी के कारण ऐसा हुआ होगा।
असम में विधानसभा चुनाव के बीच एक चुनाव अधिकारी मृत पाया गया
आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है। असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।
VIDEO | Assam Elections 2026: Voting set to begin shortly. Young voters start to arrive at Dakhingaon LP School polling booth. "We should vote for the party which will do reasonable work for us. We should see which party is giving us maximum facilities," says a young voter.… pic.twitter.com/GE2B5ksasu
— Press Trust of India (@PTI_News) April 9, 2026
विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। चुनावी मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (AIUDF) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई हैं। मतदाता आज सभी उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।
