Assam Floods: असम बाढ़ से स्थिति चिंताजनक, मरने वालों का आंकड़ा 89 पहुंचा, 1.22 लाख लोग प्रभावित
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 11:41 AM (IST)
गुवाहाटी : असम में बाढ़ की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। रात भर हुई तेज बारिश के कारण राज्य के निचले इलाकों में एक बार फिर पानी भरने लगा है जिससे बाढ़ का संकट और गहरा गया है। इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है जबकि राज्य के 5 जिलों में 1.22 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे जमीनी हालात का जायजा लेने के साथ-साथ राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
वहीं असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार आज सुबह गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी गंभीर बाढ़ की स्थिति में बह रही थी। ASDMA के एक प्रवक्ता ने कहा नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी जाती है। ASDMA के नवीनतम बाढ़ बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में दो और लोगों की मौत हुई है - एक शिवसागर जिले में और एक गोलाघाट जिले में जिससे इस साल बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या 89 हो गई है।
यह भी पढ़ें: YouTube Earn Money: कैसे बनाएं यूट्यूब चैनल? जानिए कितने सब्सक्राइबर और वॉच टाइम के बाद शुरू होगी बंपर कमाई
बता दें कि 1,22,100 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं जिनमें शिवसागर सबसे बुरी तरह प्रभावित जिला है जहां लगभग 60,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद चराइदेव में 31,000 से ज़्यादा और जोरहाट में लगभग 20,000 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन चार जिलों में 55 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र चला रहा है जहां फिलहाल 17,857 विस्थापित लोग शरण लिए हुए हैं।
प्रभावित इलाकों में चिकित्सा और पशु चिकित्सा टीमों के साथ-साथ अन्य एजेंसियां राहत और बचाव कार्य जारी रखे हुए हैं। बाढ़ के कारण 15,342.92 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है जबकि 26,575 पालतू जानवर और पोल्ट्री भी प्रभावित हुए हैं। ASDMA ने कहा कि बाढ़ ने राज्य के कई हिस्सों में तटबंधों, सड़कों, घरों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है।
