सीमा विवाद के हल के लिए कल दिल्ली में बैठक करेंगे असम व मिजोरम के मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Tuesday, Sep 20, 2022 - 07:45 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा दोनों पूर्वोत्तर राज्यों के बीच लंबे समय से कायम सीमा विवाद का हल निकालने के लिए बुधवार को नई दिल्ली में बैठक करेंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मिजोरम के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की एक अधिकारी ने बताया कि दोनों नेता नयी दिल्ली में असम हाउस में दोपहर एक बजे मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि मिजोरम योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एच. राम्मावी के भी जोरमथंगा के साथ बैठक में उपस्थित रहने की संभावना है।
यह बैठक सोमवार को ही निर्धारित थी, लेकिन इसे स्थगित करना पड़ा क्योंकि शर्मा राष्ट्रीय राजधानी से अपने राज्य लौट आए थे। सीमा मुद्दे पर दोनों मुख्यमंत्रियों की यह दूसरी बैठक होगी। इससे पहले पिछले साल नवंबर में दोनों नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नयी दिल्ली में मिले थे।
मिजोरम के गृह विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच अगले दौर की मंत्रीस्तरीय वार्ता अगले महीने गुवाहाटी में होगी लेकिन अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "असम के प्रतिनिधिमंडल के साथ अगले दौर की बातचीत की तारीख अभी तय नहीं हुई है। इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई है क्योंकि गृह मंत्री लालचमलियाना बीमारी के कारण अवकाश पर हैं। उनके कार्यालय लौटते ही इस बारे में चर्चा की जाएगी।"