18 घंटे तक लगा दी जान और आखिर जीत ही गई ‘जिंदगी’(Pics)

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2015 - 05:42 PM (IST)

नई दिल्ली: फीरोजाबाद के सिरसागंज में दो साल का मासूम 60 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। इस बच्चे को निकालने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हाालंकि कड़ी मेहनत के साथ-साथ लोगों की दुआएं भी काम आईं और 18 घंटे बाद शनिवार सुबह करीब 6.45 बजे उसे सुरंग के माध्यम से बाहर निकाला गया। 

जानकारी के मुताबिक, गांव कमरपुर बैजुआ निवासी ब्रजेश शुक्रवार को आठ बीघा धान की फसल में पानी लगाने के लिए पत्नी सुमन और दो वर्षीय बेटे किशन और दो माह के बेटे के साथ खेत में गया। खेत में पानी लगाने के बाद ब्रजेश जैसे ही नलकूप की कोठरी बंद कर बाहर निकला तो उसे किशन नहीं दिखा। उसने जब बोरवेल के गड्ढे से किशन की रोने की आवाज सुनी तो उसका कलेजा ही बैठ गया।

इसकी जानकारी जब अधिकारियों को लगी तो एक पोंकलेन मशीन, चार बड़ी एवं एक छोटी जेसीबी, छह ग्रामीणों की ओर से लाए ट्रैक्टर, डेढ़ दर्जन ग्रामीणों की टीम शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक किशन को सकुशल निकालने में लगी रहीं। शनिवार सुबह 6.45 बजे 60 फीट की खोदाई पूरी कर बोरवेल के गड्ढे के लिए सुरंग बनाई गई। इसमें जैसे ही नगला धर्म का युवक राजन घुसा तो सन्नाटा छा गया। 

युवक राजन जैसे ही किशन को लेकर बाहर निकला लोगों की धड़कनें रुक गईं। फिर डाक्टरों ने जब बताया कि किशन ठीक है, तो लोगों की जान में जान आई। मासूम किशन की मां सुमन का तो ये खबर सुनते ही खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार की आंखों से आंसू बहते रहे। किशन को तुरंत ही जिला अस्पताल ले जाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News