वीके सिंह बोले, OROP में हैं कुछ पेचीदगियां, ठीक कर किया जाएगा लागू

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2015 - 08:40 AM (IST)

भोपाल: केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा से सेना का सम्मान करती है और सैनिकों के हित में सोचती है। अत: सेवानिवृत्त सैनिकों के ‘वन रैंक वन पेंशन’ (OROP) मामले में कुछ पेचीदगियों को ठीक कर इसे लागू किया जाएगा। सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा हमेशा से सेना और सैनिकों का सम्मान करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी OROP पर सहमत हैं लेकिन इसमें कुछ तकनीकी पेचीदगियों को ठीक कर इसे लागू किया जाएगा ताकि बाद में इसमें कोई कानूनी अड़ंगा न पैदा हो सके।’’ केन्द्रीय मंत्री यहां प्रदेश की राजधानी में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले विश्व हिंदी सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने आए हुए थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में उनके सेनाध्यक्ष रहते OROP योजना का लेखाजोखा कराया गया था। इस पर 3200 करोड़ का खर्च सामने आया था लेकिन कांग्रेस की अगुवाई वाली यू.पी.ए. सरकार की नीतियों के कारण यह मंजूर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब इसे लागू करने पर 8,000 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा लेकिन उनका मानना है कि सैनिकों के हित में देश यह खर्च वहन कर सकता है और इसमें प्रतिवर्ष कोई बड़ा इजाफा भी नहीं होगा।

हालांकि सिंह ने OROP योजना लागू करने के संबंध में कोई निश्चित समय सीमा बताने से इंकार किया। सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं इस योजना की तकनीकी बाधाओं को दूर कर इसे लागू किया जाए ताकि बाद में इसमें कोई कानूनी अड़चन पैदा न हो सके। दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ किए गए दुर्व्यवहार को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का जवान केवल आदेश का पालन करता है वह संवेदनशील नहीं होता कि सामने कौन है यह समझ सके लेकिन इस मामले में नई दिल्ली नगर निगम (एन.डी.एम.सी.) अधिक दोषी है, जिसने उनके टेंट और अन्य सामान को ताबड़तोड़ हटाया था।  उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को ओआरओपी मुद्दे पर आंदोलन करने की आवश्यकता ही नहीं थी। इस मामले का हल बातचीत से निकाला जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News