दिल्ली में पोस्टर वार, ‘‘प्रधानमंत्री सर'''' के जवाब में ‘‘केजरीवाल सर''''

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2015 - 03:55 PM (IST)

 नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘ प्रधानमंत्री सर ‘‘ के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘ केजरीवाल सर ‘‘ शीर्षक से आप सरकार के खिलाफ राजधानी में पोस्टर युद्ध छेड़ते हुए दिल्ली सरकार द्वारा 526 करोड़ रुपए के विज्ञापनों के खर्च पर जवाब मांगा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से राजधानी को पोस्टर और होर्डिंग्स से पाट दिया गया था, जिसमें दिल्ली पुलिस का नियंत्रण दिल्ली सरकार को सौंपे जाने की मांग की गयी थी। इसके जबाब में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल की तरफ से राजधानी में कई प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए गए। इनमें दिल्ली सरकार के 526 करोड़ रुपए के विज्ञापन बजट का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इस राशि का यदि अच्छा इस्तेमाल किया जाता तो इससे दिल्ली में महिला सुरक्षा के लिए पांच लाख सीसीटीवी कैमरा लगाए जा सकते थे। 
 
 गौरतलब है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आनंद पर्वत इलाके में 19 वर्षीय मीनाक्षी की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस पर जमकर निशाना साधा था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली सरकार को पुलिस की जिम्मेदारी देने की मांग की थी।  चहल ने होर्डिंग्स में कहा है कि दिल्ली विज्ञापन पर जो पैसा खर्च कर रही है, उससे राजधानी में 50 कालेज या 200 नए स्कूल खोले जा सकते हैं। एक हजार कालोनियों मेें पेयजल की व्यवस्था की जा सकती है। पांच लाख लोगों को पेंशन दी जा सकती है। 
 
भाजपा के इस होर्डिंग पर आप पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने तंज कसते हुए कहा है कि दिल्ली में भाजपा के नेता बेरोजगार हो चुके हैं और हताशा में लोगों को आकर्षित करने के लिए अजीब किस्म की राजनीति कर रहे हैं। यह होर्डिंग इसी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा और दिल्ली सरकार जनता के लिए उसी तरह काम करती रहेगी, जैसी करती आ रही है। उधर, कांग्रेस भी आप पार्टी पर निरंतर आक्रामक है।

सोशल मीडिया पर पार्टी के कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से ‘‘ तोमर -मनोज तो झांकी हैं , 27 विधायक बाकी हैं। लोकपाल लाओ, भ्रष्टाचार मिटाओ जैसे नारे लिखे जा रहे हैं। पार्टी की तरफ से राजधानी में कल 14 स्थानों पर दिल्ली सरकार के खिलाफ धरना- प्रदर्शन किया जाएगा।  
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News