जम्मू कश्मीर: नशे में धुत्त पुलिसकर्मी ने की महिला से छेड़छाड़

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2015 - 11:50 AM (IST)

जम्मू /आर.एस.पुरा : आर.एस.पुरा क्षेत्र में पुलिस विभाग के एक पुलिसकर्मी शराब द्वारा  नशे में धुत्त होकर महिला से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान सेलेक्श्न ग्रेड कांस्टेंबल सुनील कुमार पुत्र नौबत राम निवासी रेलवे लाईन कोटली शाह दौला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार देर शाम एक महिला अपने बच्चे के साथ आर.एस.पुरा के चौहाला मोड़ पर खड़ी थी। वह अपने घर संत कालोनी जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सुनील कुमार नशे में धुत्त होकर उसके पास पहुंचा व महिला को मोटरसाईकल पर बैठने के लिए विवश करने लगा।

महिला ने पहले तो उसकी हरकतों को नजरअंदाज करना बेहतर समझा लेकिन जब पुलिसकर्मी की हरकतें बढ़ गई तो उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिसकर्मी की जमकर धुनाई करना शुरु कर दी लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी किसी तरह से वहां से फरार होने में कामयाब हो गया।

महिला ने अपने परिजनों को भी सूचित कर दिया। जिसके बाद उसका पति व घर के अन्य सदस्य स्थानीय लोगों के साथ आर.एस.पुरा पुलिस थाने पहुंच गए व आरोपी को पकडऩे की मांग की। पुलिस ने महिला व उसके परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन देर रात तक वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News