''मजाक में लिया था पार्टी को शांति-प्रशांत व योगेंद्र ने''

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2015 - 11:15 PM (IST)

रायपुरः आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि प्रशांत भूूषण, शांति भूषण और योगेंद्र यादव ने पार्टी को मजाक में ले लिया था। इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि दिल्ली चुनाव के दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल को तीसरे नंबर का नेता कहना शुरू कर दिया था।


सिंह आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता के साथ शनिवार को बूढ़ेश्वर मंदिर में आयोजित आप पार्टी के छत्तीसगढ़ कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। सम्मेलन के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुट है। कुछ लोगों के असंतुष्ट होने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। वैसे भी उन्हें संतुष्ट करने के हरसंभव उपाय किए गए थे।


पूछे गए एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने बताया कि तीनों नेताओं ने चलते चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया था। यहां तक बयान दिया कि आप को 23-30 सीटें मिल जाएंगी तो बहुत है, लेकिन आप ने 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की। उनके विवाद एक दो दिनों का परिणाम नहीं है। पार्टी स्तर पर उनसे चर्चा हुई उनकी पांच सूत्री मांगों को माना गया, इसके बावजूद वे बाज नहीं आए। अब मामला अनुशासन समिति के पास है। वही उनके बारे में फैसला करेगी।
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News