मरने के बाद भी लोगों को डरा रहा है निर्भया गैंगरेप का आरोपी राम सिंह
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2015 - 12:31 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के निर्भया गैंगरेप का आरोपी रहा राम सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है। दिल्ली में जिस बस्ती में उसका मकान था, वहां के लोगों का कहना है कि राम सिंह अब भूत बन चुका है और उसका मकान भी भुतहा हो गया है। याद दिला दें कि राम सिंह ने तिहाड़ जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। संत रविदास कैंप में निर्भया गंगरेप की घटना के मुख्य आरोपी रहे राम सिंह का 8&6 स्क्वेयर फीट का मकान है।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक स्थानीय लोगों का मानना है कि राम सिंह का भूत आज भी उसके घर में रहता है। इसे खरीदना या इस पर कब्जा करना तो दूर, बच्चों को भी इसके पास जाने की इजाजत नहीं दी जाती। पिछले 2 साल से इसके दरवाजे पर ताला लटका हुआ है। कुछ महीने पहले तक महिलाएं कपड़े सुखाने के लिए राम सिंह के घर की छत पर जाती थीं, लेकिन अब वहां कोई नहीं जाता। इसके भुतहा होने की अफवाहें फैलने के बाद से इस घर के पास जाने से भी लोग कतराने लगे हैं।
दरअसल कुछ महीने पहले राम सिंह के परिजनों ने इस घर में न रहने का फैसला किया था। एक दिन वे दरवाजे पर ताला लगाकर राजस्थान में अपने गांव चले गए। इसके बाद से तरह-तरह की अफवाहों को बल मिला है। लोग कहते हैं कि इन बातों पर यकीन मत करो, मगर अंदर एक रात तो गुजारकर देखो।